नई दिल्ली (पीटीआई)। देश में कोरोना वायरस महामारी पर काबू पाने के लिए वैक्सीनेशन कैंपेन काफी तेजी से चलाया जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि केंद्र द्वारा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक 63.09 करोड़ से अधिक कोविड-19 वैक्सीन की खुराक मुफ्त और प्रत्यक्ष राज्य खरीद श्रेणी (अंडर द डायरेक्टर स्टेट प्रोक्योरमेंट कैटेगरी) के तहत उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा, 21.76 लाख (21,76,930) से अधिक खुराक पाइपलाइन में हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 4.87 करोड़ से अधिक (4,87,39,946) बैलेंस और अनयूटिलाइज कोविड-19 वैक्सीन खुराक अभी भी राज्यों के पास उपलब्ध हैं।

टीकाकरण को गति देने और विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध

केंद्र सरकार पूरे देश में कोविड-19 टीकाकरण के दायरे को गति देने और विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है। ज्यादा टीकों की उपलब्धता के माध्यम से टीकाकरण अभियान को तेज किया जा रहा है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान में केंद्र राज्यों को मुफ्त में कोविड के टीके उपलब्ध कराकर उनका समर्थन कर रहा है। कोविड टीकाकरण अभियान के नए चरण में, केंद्र देश में उत्पादित किए जा रहे 75 प्रतिशत टीकों की खरीद और आपूर्ति राज्यों को मुफ्त में करेगा।

देश में कुल कोरोना मामलों की संख्या 3,27,37,939 हो गई

कोरोना वायरस के मामले एक बार फिर से बढ़ते दिख रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सोमवार को अपडेट किए गए आंकड़ों के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटे में 42,909 नए कोविड ​​​​-19 संक्रमण केस दर्ज हुए हैं। एक दिन में दर्ज हुई इस वृद्धि के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 3,27,37,939 हो गई। वहीं पिछले 24 घंटों में हुई माैतों पर नजर डालें तो यह आकंड़ा 380 है। इन नई माैतों के साथ देश में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,38,210 हो गई है।

National News inextlive from India News Desk