नौशेरा (एएनआई)। जम्मू-कश्मीर के नौशेरा जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां पर भीख मांगकर जीवन यापन करने वाली महिला भिखारी की टूटी फूटी झोपड़ी से करीब 2 लाख 60 हजार रुपये की राशि बरामद की गई है। 70 वर्षीय महिला 30 साल से उस झोपड़ी में रह रही थी। बुधवार को राजौरी के एक वृद्धाश्रम से आई टीम उस महिला को अपने साथ ले गई थी। उसके बाद नगर पालिका की एक टीम उसकी झोपड़ी में पड़े कूड़े को उठाने आई थी। नगर पालिक कर्मी अंदर रखे कूड़ेदान में लिफाफों में नोट देखकर हैरान हो गए। नगर पालिका की टीम ने एक के बाद एक पैसे से टोकरे भरने शुरू कर दिए।


सिक्कों के एक बैग का वजन लगभग 70-80 किलोग्राम
इस दाैरान वार्ड के एक सदस्य ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि सिक्कों के एक बैग का वजन लगभग 70-80 किलोग्राम था। महिला ने 30 साल की अवधि में 2,60,000 रुपये की संपत्ति जमा की। यह काम उसने बड़ी मेहनत से किया है। इसलिए यह धोखाधड़ी का पैसा नहीं है। आस-पास के गांवों के लोग आते थे और उसे 10 रुपये या 20 रुपये देकर जाते थे। वहीं नगर पालिका के एक सदस्य ने बताया कि करीब 3 घंटे में 2,60,000 रुपये की रकम आंकी गई थी। नकदी और सिक्के छोटे प्लास्टिक के पैकेटों लिफाफों और बक्सों में रखे गए थे। कुछ गीले नोट समय के साथ खराब भी हुए हैं। इस घटना से इलाकाई लोग काफी हैरान हैं।

National News inextlive from India News Desk