अभी तक पूरा नहीं हो सका किताबों की सप्लाई का काम

नए सत्र के शुरू होने के बाद बीत चुके हैं लगभग पांच माह

ALLAHABAD: सूबे के परिषदीय विद्यालयों में नए सत्र का आगाज हुए लगभग पांच माह होने को हैं। लेकिन स्कूलों में पढ़ाई की ट्रेन अभी पटरी पर नहीं आयी है। इसका कारण स्कूलों में किताबों का अभाव है। अभी तक किताबों की सप्लाई का कार्य पूरा नहीं हो सका है। इसकी वजह से बगैर किताबों के ही पढ़ाई जैसे-तैसे हो रही है। ऐसे में परिषदीय स्कूलों में पढ़ रहे नौनिहालों की शिक्षा का स्तर किस ओर जा रहा है इसका अनुमान सहज ही लगाया जा सकता है।

लास्ट इयर की किताबों का सहारा

परिषदीय स्कूलों में पढ़ाई का काम फिलहाल पुरानी किताबों के भरोसे चल रहा है। विभाग के अधिकारी भी कह रहे हैं कि किताबों की सप्लाई नहीं होने से पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। बीएसए जय करन यादव ने बताया कि अभी तक सिर्फ क्लास फ‌र्स्ट और सिक्स की किताबें ही प्राप्त हुई हैं। अन्य क्लास की किताबों की सप्लाई अभी होनी है। जिनकी किताबों की सप्लाई हो चुकी है। उन्हें बांटने का निर्देश सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को दिया गया है। अन्य किताबों के शीघ्र वितरण का प्रयास किया जा रहा है।