RANCHI: रिम्स के सर्जरी वार्ड में मरीजों को बेड पर गर्म खाना पहुंचाने की व्यवस्था डेढ़ महीने भी नहीं चल पाई। पिछले एक सप्ताह से ट्रॉली खराब पड़ी हुई और मरीज खाना के लिए दौड़ लगा कर हाथ-पांव तुड़वा रहे हैं। मरीजों को लाइन में लग कर खाना लेना पड़ रहा है। इसमें भी पहले खाना लेने की होड़ मच रही है। कई मरीज मुंह ताकते ही रह जा रहे हैं।

अब टोकन सिस्टम

सर्जरी डी 2 वार्ड में मरीजों को पैक्ड गर्म खाना देने की शुरुआत की गई थी। स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने हॉट थाली में खाना देकर इसकी शुरुआत की थी। इससे मरीज काफी खुश थे और खाने के लिए उन्हें कहीं भटकना नहीं पड़ता था। बेड पर ही उन्हें गर्म खाना लाकर दिया जाता था। लेकिन व्यवस्था ठप हो जाने से अब कई मरीज इंतजार करते रह जाते है। नर्स अब मरीजों को खाने का टोकन लाकर देती हैं, तो खाना मिल रहा है।

50 मरीजों में ही व्यवस्था फेल

हास्पिटल में सर्जरी वार्ड में 50 मरीजों के लिए हॉट थाली की व्यवस्था की गई थी। इसमें मरीजों को हॉट ट्राली में खाना दिया जाता था। इससे मरीजों को वार्ड में बेड पर गर्म खाना मिलता था। यह देखते हुए हास्पिटल के अन्य वार्डो में भी मरीजों के लिए ऐसी ही व्यवस्था करने की तैयारी थी। पर 50 मरीजों को ही पैक्ड गर्म खाना देने में पसीने छूट रहे हैं, तो पूरे हास्पिटल में व्यवस्था शुरू करने में कितना समय लगेगा, यह कहना मुश्किल है।