आई एक्सक्लूसिव

-मनोरंजन कर विभाग ने सभी सर्विस प्रोवाइडर को जारी की एडवायजरी

-मेरठ में संचालित नहीं हो रहे हैं पाक चैनल, साइबर सेल अलर्ट-गैजेट्स पर रहेगी नजर

Meerut : क्यूटीवी, पीस टीवी समेत पाकिस्तान के टीवी चैनल मेरठ में नहीं चलेंगे। हालांकि पहले से ही मनोरंजन कर विभाग द्वारा इन चैनल्स पर रोक है, खुफिया विभाग के अलर्ट के बाद सतर्कता बढ़ा दी गई है। वहीं दूसरी ओर साइबर सेल सक्रिय है किसी भी गैजेट्स से हो रही प्रतिबंधित गतिविधि पर सेल की नजर है। पुलिस-प्रशासन ने खुफिया निगरानी का फुलप्रूफ प्लान तैयार किया है।

पाक चैनलों पर रोक

मेरठ में कुछ साल पहले तक क्यूटीवी, पीसटीवी समेत करीब 18 पाकिस्तानी न्यूज और इंटरटेनमेंट चैनल्स का प्रसारण होता था। पिछली कुछ सालों से प्रतिबंधित चैनल्स पर रोक लगा दी गई तो रही सही कसर सेंट्रल के खुफिया अलर्ट ने पूरी कर दी। अलर्ट के बाद बुधवार से मेरठ में सभी पाकिस्तानी टीवी चैनल्स पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। खुफिया अलर्ट के बाद मुख्यालय (लखनऊ) स्तर से सभी जिला मुख्यालयों को पाक चैनल्स के प्रसारण पर रोक के आदेश जारी किए गए है। सहायक मनोरंजन कर अधिकारी महेंद्र सिंह ने कहा कि फिलहाल मेरठ में एक भी पाकिस्तानी टीवी चैनल का प्रसारण नहीं हो रहा है।

सोशल मीडिया पर नजर

रेंज में सीमापार से हो रहे सोशल कॉम्यूनिकेशन पर पुलिस की नजर है। डीआईजी कार्यालय स्थित सोशल मीडिया मॉनीटरिंग कमांड एवं रिसर्च सेंटर से मिली जानकारी के मुताबिक मेरठ के लोगों का पाकिस्तान रहने वालों के साथ वार्तालाप तो है किंतु संदिग्ध या संवेदनशील नहीं है। हालांकि हर एक मैसेज और चैट पर सेंटर की नजर है। सब रिकार्ड हो रहा है। आतंकवादी हमले के बाद हो रही गतिविधियों जिसमें सर्जिकल स्ट्राइक, भारतीय और विदेशी नेताओं के बयान भी शामिल है, इन सब पर सेंटर नजर बनाए है।

मेरठ में 5 लाख यूजर

सहायक मनोरंजन कर अधिकारी ने बताया कि करीब 5 लाख टीवी यूजर में हैं, जिसमें केबल टीवी के डिजिटलाइजेशन में फेज 2, फेज 3 के अलावा लोकल टीवी यूजर भी शामिल हैं। फेस 4 में 31 दिसंबर 2016 तक गांवों का डिजिटलाइजेशन कर दिया जाएगा। डिजिटलाइजेशन के फेस 1 में यूपी के एक भी शहर को शामिल नहीं किया गया था, फेस 2 में मेरठ समेत 7 शहर शामिल थे। फेस 3 में सभी नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत को डिजिटलाइज्ड किया गया है। ये फेस दिसंबर 2015 तक पूर्ण कर लिए गए। दिसंबर 2016 तक सभी गांवों को डिजिटलाइज्ड कर दिया जाएगा।

मेरठ में

फेज-2

1.25 लाख सेट टॉप बाक्स यूजर हैं।

फेज-3 (31 दिसंबर 2015 तक)

सर्विस प्रोवाइडर सेट टॉप बॉक्स

डिश टीवी 43568

गोल्ड इनवेस्टर्स 3513

रिलायंस डिश 2348

सन डायरेक्ट 208

टाटा स्काई 32315

वीडियोकॉन डी2एच 13024

त्यागी 1987

मैन्सन 36120

केबिल कनेक्शन 1.83 लाख

(मनोरंजन कर विभाग के अनुसार)

---

मेरठ में सभी प्रतिबंधित पाकिस्तानी चैनल्स का प्रसारण बंद था, खुफिया अलर्ट के बाद अन्य पाक चैनलों पर भी रोक लगा दी गई है। सर्विस प्रोवाइडर कंपनियों द्वारा प्रसारित किए जा रहे मैटेरियल की निगरानी मुख्यालय (लखनऊ) से हो रही है, जबकि 1.83 लाख केबिल टीवी यूजर पर मनोरंजन विभाग की नजर है।

-महेंद्र सिंह, सहायक मनोरंजन कर अधिकारी