कानपुर। दुनिया भर में लोग जहां भारत के महत्वाकांक्षी मून मिशन चंद्रयान-2 के लिए इसरो और भारतीय वैज्ञानिकों की तारीफ कर रहे है, वहीं पाकिस्तान इस वक्त भी अपनी बेतुकी हरकत से बाज नहीं आ रहा है। दरअसल लैंडिंग से ठीक पहले लैंडर विक्रम से संपर्क टूटने के बाद पाकिस्तान के विज्ञान और तकनीकी मंत्री चौधरी फवाद हुसैन ने बेहूदा बयान दे दिया। उन्होंने ट्वीट किया, 'जो काम आता नहीं पंगा नहीं लेते ना... डियर 'एंडिया'।

भारतीय यूजर को किया रिट्वीट
यहां ध्यान देने वाली बात ये है कि फवाद ने अपनी ट्वीट में व्यंग्य करते हुए इंडिया की जगह एंडिया लिखा था। हालांकि, इतना लिखने के बाद भी वह नहीं रुके। उन्होंने एक भारतीय यूजर के ट्वीट पर बड़ी बेशर्मी से रिट्वीट किया। भारतीय यूजर अभय कश्यप के ट्वीट पर रिट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा, 'सो जा भाई मून की बजाय मुंबई में उतर गया खिलौना।'


पूछना चाहिए सवाल
फवाद यहीं नहीं रुके, उन्होंने बेशर्मी से एक और ट्वीट किया। इसमें लिखा, 'मोदी जी ऐसे भाषण दे रहे हैं, जैसे वो नेता नहीं एक अंतरिक्ष यात्री हों। लोकसभा को उनसे देश के 900 करोड़ रुपये बर्बाद करने के लिए सवाल पूछना चाहिए।' हालांकि, फवाद इस बेशर्मी पर अपने ही देश में ट्रोल हो गए।'

ट्रोल हुए पाक मंत्री
पाकिस्तान की पत्रकार नायला इनायत ने उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल करते हुए लिखा, 'भारत के पास ये सब करने के लिए 900 करोड़ हैं और आप के पास मुफ्त का ट्विटर अकाउंट।' नायला ने फिर एक ट्वीट करके लिखा, 'भारत द्वारा खर्च की गई रकम की गिनती करते हुए फवाद चौधरी।' इसके बाद अपनी एक और ट्वीट में उन्होंने फवाद की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, 'फवाद चौधरी अपने छत पर लैंड कर गए हैं।'

 

 

International News inextlive from World News Desk