इस्लामाबाद (एपी)। पाकिस्तान ने बुधवार को कहा कि विश्व बैंक का अनुमान है कि इस गर्मी में रिकॉर्ड तोड़ बाढ़ आई है। बाढ़ से इस दक्षिण एशियाई देश में 40 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। यह आंकड़ा पाकिस्तानी सरकार के पहले के अनुमान से 10 अरब डॉलर अधिक है। जून के मध्य में मानसून की भारी बारिश से पहले ही पाकिस्तान वित्तीय संकट से जूझ रहा था। ऐसे में बारिश ने इसका हाल और ज्यादा बेहाल कर दिया है। बारिश ने भयानक बाढ़ के हालात बना दिए और अचानक से देश का एक तिहाई क्षेत्र जलमग्न हो गया। इससे हजारों लोग प्रभावित हुए। बड़ी संख्या में लोग सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर हो गए।

3.3 करोड़ लोग प्रभावित हुए

यह नया अनुमान राजधानी इस्लामाबाद में प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ और जलवायु परिवर्तन पर विशेषज्ञों के बीच हुई बैठक के दौरान आया। हालांकि इस नए अनुमान पर विश्व बैंक की ओर से तत्काल कोई बयान नहीं आया है। बाढ़ विशेषज्ञों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन से स्थिति और भी बदतर हो गई है। जून के मध्य से 1,719 लोग मारे गए हैं और करीब 3.3 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं।

बाढ़ ने 20 लाख घर किया तबाह

इसके अलावा बाढ़ ने 20 लाख घरों को तबाह कर दिया है। शरीफ की सरकार ने पिछले महीने बाढ़ से 30 अरब डॉलर का अनुमान लगाया था, लेकिन आगाह किया कि वास्तविक आंकड़ा कहीं अधिक हो सकता है। विश्व बैंक सहित अंतरराष्ट्रीय सहायता एजेंसियों और ऋण देने वाली संस्थाओं की मदद से नुकसान की एक अंतिम रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।

International News inextlive from World News Desk