RANCHI : सुंदर, सुशोभित और सुसज्जित पूजा पंडालों में विराजित मां जगदंबे दोनों हाथों से अपने भक्तों पर आशीर्वाद लुटा रही हैं। राजधानी में एक से बढ़कर एक खूबसूरत पूजा पंडाल का निर्माण किया गया है। हर पंडाल कुछ न कुछ संदेश दे रहा है। इनमें जीवन के अमूल्य संदेश छिपे हुए हैं। पूजा पंडालों में सजीं शक्ति स्वरुपा मां जगत जननी की प्रतिमाओं को देख ऐसा प्रतीत होता है मानो देवी अपने भक्तों को साक्षात दर्शन देने आई हैं। खासियत यह है कि इन पंडालों को अलग-अलग थीम पर तैयार किया गया है। कहीं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, कहीं भू्रण हत्या, कहीं जारवा जनजाति तो कहीं पर्यावरण संरक्षण के लिए तो कहीं शांति का संदेश देते हुए पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया है।

जारवा जनजाति से होगा परिचय

क्लब का नाम :: गीतांजलि क्लब मोरहाबादी

थीम ::: जारवा जनजाति की थीम पर

खर्च ::: 15 लाख

परिचय :: गीतांजलि क्लब में जारवा जनजाति की थीम पर पूजा पंडाल बनाया गया है। यहां यह दिखाया गया है कि कैसे इस जनजाति के लोग जंगल में अपना जीवन यापन करते हैं।

भ्रूण हत्या पाप है

क्लब का नाम :: आरआर स्पोर्टिग क्लब

थीम :: भ्रूण हत्या

खर्च :: 48 लाख रुपए

परिचय :: रातू रोड स्थित आरआर स्पोर्टिग क्लब की ओर से कन्या भ्रूण हत्या की थीम पर पूजा पंडाल का निर्माण किया गया है। पंडाल के अंदर दिखाया गया है कि नारी उत्पीड़न, नारी शोषण, दहेज प्रथा जैसे आठ ड्रेकूलाओं ने कन्या भ्रूण को घेर रखा है। वहीं पंडाल के बाहर रथ का आकार दिया गया है।

हर धर्म एक है

क्लब का नाम :: बांधगाड़ी दुर्गा पूजा समिति

थीम :: सर्वधर्म संभाव और भ्रूण हत्या पर रोक

खर्च :: 27 लाख

परिचय :: हर धर्म एक है। इस पूजा पंडाल को सात धर्मो की समरसता और सद्भावना के थीम पर तैयार किया गया है। यहां अस्त्र-शस्त्र को भी स्थान नहीं दिया गया है। मां शेरावाली समेत सभी देवी-देवताओं को बगैर अस्त्र के ही दर्शाया गया है। साथ ही पूजा पंडाल में भ्रूण हत्या जैसे पाप को मिटाने का भी संदेश दिया गया है।

यहां नजर आ रही केरल की संस्कृति

क्लब का नाम :: स्टेशन रोड दुर्गा पूजा समिति

थीम :: केरल की संस्कृति

खर्च :: 30 लाख

परिचय :: रांची स्टेशन रोड दुर्गा पूजा समिति के पूजा पंडाल में इस बार केरल की संस्कृति को दर्शाया गया है। केरल की संस्कृति, नृत्य और परंपरा की थीम पर पूरे पंडाल को आकार दिया गया है। मां की प्रतिमा को भी मलयाली वेशभूषा में ही विराजित किया गया है।

शांति का संदेश दे रहा बौद्ध मंदिर

क्लब का नाम :: सत्य अमर लोक

थीम ::: थाईलैंड का बौद्ध मंदिर

खर्च :: 15 लाख रुपए

परिचय :: सत्य अमर लोक का पूजा पंडाल शांति का संदेश दे रहा है। इसे थाईलैंड के सफेद बौद्ध मंदिर की तर्ज पर बनाया गया है। जो विश्व को शांति का संदेश देता है।

पर्यावरण सरंक्षण है जरूरी

क्लब का नाम :: स्वर्ण जयंती क्लब

थीम :: पर्यावरण सरंक्षण

खर्च :: 22 लाख रुपए

परिचय :: बरियातू हाउसिंग चौक के समीप निर्मित स्वर्ण जयंती पूजा क्लब का पूजा पंडाल पर्यावरण संरक्षण की थीम पर तैयार किया गया है। पंडाल के आंतरिक हिस्सों में चटाई से खूबसूरत कारीगरी की गई है।