- गणतंत्र दिवस पर पंजाबी सभ्याचार भारतीय गौरव थीम पर निकलेगी झांकी

- बढ़ते कदम पर आधारित होगी सिंधी अकादमी की झांकी

LUCKNOW : गणतंत्र दिवस के अवसर पर निकलने वाली झांकियों में इस बार पंजाबी रंग भी देखने को मिलेगा। पहली बार पंजाबी अकादमी की झांकी परेड में शामिल होंगी। यह झांकी पंजाबी सभ्याचार भारतीय गौरव थीम पर केंद्रित होगी। जिसमें पंजाबी भाषा के इतिहास और संस्कृति के साथ साहित्य से भी लोगों को रूबरू कराया जाएगा। वहीं दूसरी बार सिंधी अकादमी झांकी भी परेड में शामिल होगी। जो बढ़ते कदम की थीम पर होगी।

पंजाबी संस्कृति की दिखेगी झलक

पंजाबी अकादमी के उपाध्यक्ष हरपाल जग्गी ने बताया कि पंजाबी भाषा, साहित्य और कला संस्कृति को झांकी में दिखाया जायेगा। झांकी में गुरुमुखी भाषा के क्षेत्र की तीन विभूतियां अमृता प्रीतम, भाई वीर सिंह और सुरजीत पातर के चित्रों को भाषा रूपी पेड़ में प्रदर्शित किया जायेगा। वहीं लोक कलाकार भंगड़ा, गिद्दा और घूमर नृत्य कर पंजाबी कला संस्कृति का प्रचार करेंगे। उधर, उत्तर प्रदेश सिंधी अकादमी की झांकी में आगे की ओर सिंधुपति राजा दाहिरसेन को दिखाया जायेगा। अकादमी के उपाध्यक्ष अमृत राजपाल ने बताया कि इस बार झांकी में सिंध भाषा का केंद्र होते हुए भी भाषा के विकास की यात्रा को दिखाया जायेगा। वहीं लोक कलाकार सिंध प्रांत के डांडिया डांस को पेश करेंगे। इसके अलावा सिंधी समाज के महापुरुषों के चित्र और अकादमी की गतिविधियों को भी दर्शाया जायेगा।