दरियाबाद में आयोजित एक मजलिस में मर्सिया पढ़ रहे थे एहतेशाम रिजवी

PRAYAGRAJ: दरियाबाद के चर्चित पार्षद एहतेशाम रिजवी का सोमवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पार्षद दरियाबाद में आयोजित एक मजलिस में मर्सिया पढ़ रहे थे। उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ गया। लोग उन्हें जब तक हॉस्पिटल ले जाते और डॉक्टर कुछ कर पाते, उनका निधन हो चुका था। पार्षद के निधन की जानकारी मिलते ही लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। अचानक हुई इस घटना से मजलिस में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। मौजूद लोगों ने तुरंत ही उनको हॉस्पिटल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पहली बार चुनाव लड़ा और पार्षद बने

65 वर्षीय एहतेशाम रिजवी ने पहली बार निकाय चुनाव में अपना भाग्य आजमाया था। कांग्रेस के समर्थन से पार्षद का चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। पार्षद के निधन पर बुधवार को नगर निगम के पार्षदों, अधिकारियों व कर्मचारियों ने दुख व्यक्त किया। मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी बुधवार को पार्षद के दरियाबाद स्थित आवास पर पहुंची। उन्होंने पार्षद के परिजनों से मिल कर ढांढस बंधाया। वहीं हर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।