-ताज व किले पर बिछुड़ी दो महिला पर्यटकों को उनके गु्रपों से मिलवाया

-विदेशी पर्यटक का फोन ढूंढऩे में की सहायता, जताया आभार

आगरा। ताजनगरी में पर्यटन पुलिस पर्यटकों की मददगार बन रही है। ताज व आगरा किला के दीदार को आईं दो महिला पर्यटक अपने-अपने ग्रुप से बिछुड़ गईं। उन्हें उनके साथियों से पर्यटन पुलिस ने मिलवाया। वहीं, विदेशी पर्यटक का फोन तलाशने में भी सहायता की।

पुलिस बूथ पर मांगी हेल्प

बदायूं के ग्राम देरी निवासी शाहजहां बेगम शनिवार को आगरा घूमने आई थीं। ताजमहल देखने के बाद वो आगरा किला पहुंची। यहां वो अपने ग्रुप से बिछुड़ गईं। कई घंटे तक वो अपने साथियों को ढूंढ़ती रहीं। बाद में उन्होंने आगरा किला के सामने बने पुलिस बूथ पर सिपाही ज्ञान प्रकाश को समस्या बताई। पर्यटन पुलिस ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शाहजहां बेगम को उनके ग्रुप से मिलवा दिया। उधर, ओडिशा के धना टोला निवासी रहमुतन ग्रुप के साथ ताज देखने आई थीं। ताज में वो अपने ग्रुप से बिछुड़ गईं। ग्रुप नहीं मिलने पर उन्होंने शिल्पग्राम में तैनात सिपाही अभिनय कुमार को जानकारी दी। इसके बाद पर्यटन पुलिस ने उन्हें उनके ग्रुप व परिवार से मिलवाया।

टूरिस्ट का फोन तलाशा

वहीं, जर्मनी की जोहाना नोनते रविवार सुबह अपने दो मित्रों के साथ ताज देखने आई थीं। उन्होंने हॉस्टल से ताजमहल जाने को टैक्सी बुक की थी। टैक्सी चालक उन्हें पार्किंग तक छोड़कर गया। ताज देखकर लौटने के बाद जोहाना को अपना फोन गुम होने की जानकारी हुई। उन्होंने हॉस्टल से लेकर पूरे रास्ते फोन की तलाश की, लेकिन वो नहीं मिला। टैक्सी चालक ने भी संपर्क करने पर जानकारी से इन्कार कर दिया। इसके बाद वो पर्यटन थाना पहुंचीं। यहां सिपाही पुष्पेंद्र और उदयराम गौतम को जानकारी दी। पुष्पेंद्र ने फाइंड माई डिवाइस एप के माध्यम से फोन को तलाशने का प्रयास किया। उसकी लोकेशन ताज पूर्वी गेट स्थित टॉयलेट के पास मिल रही थी। फोन टॉयलेट में गिर गया था, जिसे किसी ने सीओ ताज सुरक्षा के कार्यालय में जमा करा दिया था। इसे पर्यटक को सौंप दिया गया। तीनों पर्यटकों ने पर्यटन पुलिस का आभार जताया है।