पटना (ब्यूरो)। राजधानी की वीआइपी कॉलोनी मानी जाने वाली पाटलिपुत्र कॉलोनी वर्तमान में सबसे ज्यादा विकट स्थिति बनी है। कॉलोनी के घरों में दो से तीन फीट तक पानी जमा है। लोग घरों में कैद हो गए हैं। कॉलोनी में पानी भर जाने से शौचालय में भी ओवरफ्लो कर रहा है। लोगों को समझ में नहीं आ रहा कि शौच के लिए कहां जाएं। बाथरूम में भी बाढ़ का पानी घुसा हुआ है।

अधिकांश घरों में भरा है पानी

पाटलिपुत्र कॉलोनी की हर सड़क पर घुटने भर तक पानी जमा है। पाटलिपुत्र चौराहे पर ही एक फीट पानी सड़कों पर बह रहा है। इसके अलावा कॉलोनी के हर घर में दो से तीन फीट पानी भरा है। पिछले तीन दिनों से कॉलोनी से पानी नहीं निकल रहा है। पाटलिपुत्र हाउसिंग कॉलोनी के पूर्व सचिव ज्ञानशंकर का कहना है कि अधिकांश घरों में पानी होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दुर्गा पूजा के अवसर पर बाथरूम में स्नान करना भी मुश्किल हो गया है।

नेहरू नगर नाले का भरना बना परेशानी का सबब

पाटलिपुत्र हाउसिंग कॉलोनी की नगर निगम कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डाॅ। विश्व रतन ने कहा, पिछले 24 घंटे में पाटलिपुत्र कॉलोनी से पानी नहीं निकल रहा है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग आवश्यक सामग्री की खरीदारी के लिए भी घरों से नहीं निकल पा रहे हैं। सेना से अवकाशप्राप्त एवं पाटलिपुत्र के निवासी कर्नल टीआर सिन्हा ने बताया, पिछले 20 वर्षों से यहीं पर रह रहा हूं, लेकिन इतनी बदतर स्थिति कभी नहीं देखी थी। उनका कहना है कि बारिश से ज्यादा दुख सरकार की व्यवस्था से है। अगर सरकार ने समय पर नेहरू नगर नाले की सफाई कराई होती तो  लोगों को ये दिन नहीं देखना पड़ता और कॉलोनी में जलजमाव का समस्या नहीं होती।

patna@inext.co.in

National News inextlive from India News Desk