आई फॉलोअप

-हैरिसगंज सबस्टेशन के फीडर्स में दो दिन से लगातार हो रहे थे फाल्ट्स, अधिकारी करते रहे नजरअंदाज

- 9 घंटे बाद चालू हुआ सबस्टेशन, 24 घंटे बाद बदला जा सका पॉवर ट्रांसफॉर्मर

-बिजली-पानी संकट से जूझती रही डेढ़ लाख की आबादी

KANPUR: केस्को इम्प्लाइज की लापरवाही की वजह से बुधवार की रात 1.5 लाख आबादी को अन्धेरे का सामना करना पड़ा। लापरवाही की वजह से पहले लाखों रुपए कीमत का पॉवर ट्रांसफॉर्मर डैमेज हुआ, फिर ट्राली फटने से हैरिसगंज सबस्टेशन में आग लग गई है। जेई, एसएसओ झुलस गए। ठप हुए हैरिसगंज सबस्टेशन को चालू करने में केस्को को करीब 9 घंटे लग गए। वहीं लगभग 24 घंटे बाद पॉवर ट्रांसफॉर्मर बदला जा सका।

वजह जानने की कोशिश नहीं की

बुधवार की सुबह हैरिसगंज सबस्टेशन का 5 एमवीए पॉवर ट्रांसफॉर्मर डैमेज हो गया और शाम को ट्रॉली फटने से आग से लाखों रुपए का नुकसान हुआ। जानकारों की मानें तो सोमवार से ही हैरिसगंज सबस्टेशन से निकलने वाले रेलवे, ओईएफ और शांति नगर फीडर में फाल्ट्स हो रहे थे। पर फाल्ट्स होने की वजह जानने की कोशिश नहीं की गई। उन्हें बनाने में भी लापरवाही बरती गई। एक अगस्त को गियर डैमेज होने से हैरिसगंज सबस्टेशन के ओईएफ फीडर की वीसीबी ट्रॉली खराब हो गई थी। इसी दिन शांति नगर फीडर की इलेक्ट्रिसिटी लाइनें प्रीनटाल स्कूल के पास टूट गई थीं। वहीं ओईएफ फीडर में अंडरग्राउंड केबल फाल्ट भी हुआ था। सोमवार की देररात 2.30 बजे शांति नगर फीडर का ब्रेकडाउन भी हुआ था। अगले दिन रेल बाजार फीडर भी ठप हो गया था। कुल मिलाकर फाल्ट्स होने की लाइन लगी रहने के बावजूद केस्को अफसरों ने लापरवाही बरती। इसका नतीजा ये हुआ कि बुधवार की सुबह करीब 25 लाख कीमत का 5 एमवीए का पॉवर ट्रांसफॉर्मर जल गया है। ये पॉवर ट्रांसफॉर्मर केस्को बदल भी नहीं पाया था कि बुधवार को ही शाम 7 बजे शांति नगर फीडर की ट्राली जोरदार धमाके के साथ फट गई। जिससे पूरा पैनल जल गया। जेई व एसएसओ भी झुलस गए।

भुगतती रही पब्लिक

पॉवर ट्रांसफॉर्मर डैमेज होने और सबस्टेशन में आग लगने का खामियाजा पब्लिक को भुगतना पड़ा। बुधवार की शाम 7 बजे ठप हुआ सबस्टेशन गुरूवार की सुबह करीब 4 बजे चालू हो सका। तब कहीं जाकर लोगों बिजली के साथ पानी संकट से छुटकारा मिला और लोग सो सके। वहीं 5 एमवीए का ट्रांसफॉर्मर तो गुरूवार की शाम 7 बजे करीब चालू हो सका।

जांच के आदेश

पॉवर ट्रांसफॉर्मर डैमेज होने और सबस्टेशन में आग लगने से केस्को में अफरातफरी मची हुई। जून में चीफ मिनिस्टर के शिलान्यास वाले जीआईसी सबस्टेशन का 10 एमवीए का पॉवर ट्रांसफॉर्मर जल गया था। केस्को के चीफ इंजीनियर योगेश हजेला ने बताया कि अभी तक पूरा ध्यान जल्द से जल्द पॉवर नॉर्मल करने पर था। इस पूरे मामले की जांच की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

इन डिवीजनों के जल चुके पॉवर ट्रांसफॉर्मर

बिजलीघर परेड, बीएस पार्क, फूलबाग डिवीजन, दबौली, देहली सुजानपुर आदि