ट्यूबवेल फेल होने के चलते आगरा गेट टंकी से जोड़ी पाइप लाइन

गर्मी में पेयजल किल्लत से निपटने को नगर निगम की व्यवस्था

फीरोजाबाद : देव नगर का नलकूप फेल हो गया। ऐसे में गर्मी के मौसम में होने वाली पेयजल किल्लत से निपटने को लेकर नगर निगम ने इस क्षेत्र की जलापूर्ति आगरा गेट टंकी से जोड़ दी गई है। इससे अब यहां की जनता को पेयजल किल्लत का सामना नहीं करना होगा। कार्य बुधवार शाम पूरा कर लिया गया है।

पानी को परेशान हो रहे लोग

देव नगर के करीब पांच हजार की आबादी को अब तक देव नगर के नलकूप से जलापूर्ति की जा रही थी। बीते दिनों यहां का नलकूप जल स्तर गिरने के कारण फेल हो गया। इसे सही कराने का प्रयास किया, लेकिन वह सुचारू नहीं हो सका। नतीजतन यहां की जनता को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि नगर निगम द्वारा यहां की जनता को पेयजल जलापूर्ति की जा रही थी, लेकिन गर्मी के मौसम में यह समस्या विकराल हो जाती। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम जलकल विभाग द्वारा यहां पेयजल जलापूर्ति को सुगम किए जाने की तरफ कामकाज कराया।

सड़क खुदाई से बढ़ी परेशानी

देव नगर की जनता को जलापूर्ति की व्यवस्था आगरा गेट चौकी से किए जाने को कार्य कराया। इसी के तहत रोडवेज बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग पर मंगलवार को सड़क की खुदाई कराई गई। जेसीबी से खुदाई कार्य किया गया। बुधवार को जलकल कर्मियों ने देव नगर की पाइप लाइन को आगरा गेट टंकी से जोड़ा गया है। देर शाम तक यह कार्य पूर्ण कर लिया गया। इससे अब यहां की जनता को पेयजल किल्लत का सामना नहीं करना होगा। जलकल विभाग के अवर अभियंता मुंशीलाल वर्मा ने बताया देवनगर का नलकूप जल स्तर गिरने से फेल हो चुका है। ऐसे में अब यहां की जनता को जलापूर्ति आगरा गेट पेयजल टंकी से किए जाने की व्यवस्था की गई है। देर शाम कार्य पूर्ण हो गया है।

सड़क पर गड्ढा से बने रहे जाम के हालात

नगर निगम द्वारा जलापूर्ति को रोडवेज बस स्टैंड के सामने सड़क पर गड्ढा कराया गया था। इस कार्य की वजह से दो दिनों से यहां जाम के हालात बने रहे। काफी गहरा गड्ढा किए जाने के कारण यहां से आवागमन होने में लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। यहां अक्सर जाम लगा रहा। जलकल विभाग द्वारा बुधवार शाम तक कार्य पूर्ण करा लिया गया है।