- शनिवार को दिया गया अंतिम चरण का प्रशिक्षण, टीके लगाए

फीरोजाबाद : जिस वक्त का उम्र भर से इंतजार था वह पास आ गया है। हज करने जा रहे जिले के यात्रियों का पहला जत्था 19 अगस्त को रवाना होगा। महीने के अंत तक सभी यात्री चले जाएंगे।

इस वर्ष हज यात्रा पर जाने के लिए जिले के 116 लोगों ने आवेदन किए थे। जिनमें से तीन महिलाएं एवं दो पुरुषों ने अपने आवेदन वापस ले लिए हैं। शेष 111 यात्रियों को हज यात्रा पर आने का दूसरे एवं अंतिम चरण का प्रशिक्षण शनिवार को अबू हुरैराह हाई स्कूल मदीना कालोनी में दिया गया। हज कॉर्डिनेटर एवं मास्टर ट्रेनर आलम मुस्तफा याकूबी ने 170 कंप्यूटर स्लाइट दिखाकर यात्रियों को बताया कि उन्हें कब, कहां और कैसे हज करनी है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय हज कमेटी की ओर से सभी यात्रियों को एक मोबाइल सिम उपलब्ध कराई जाएगी।

जिसमें 5 रियाल और आपातकालीन नंबर होंगे। खर्चे के लिए 1500 रियाल (सऊदी अरब) दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हज यात्रा के लिए फ्लाइट 16 अगस्त से जाना शुरू हो जाएंगी। जिले से 8 हज यात्रियों का पहला जत्था 19 अगस्त को रवाना होगा। दूसरे जत्थे में 75 यात्री 23 को और शेष यात्री 29 अगस्त को रवाना होंगे। जिला हज कमेटी के सदर मुफ्ती अकरम मुस्तफा ने कहा कि हज प्रशिक्षण सबसे अहम है। बिना सीखे हज करना मुश्किल है। असलम अदीब ने सभी हज यात्रियों को मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि हज करते समय देश और जिले की खुशहाली एवं शांति की दुआ करें। प्रशिक्षण के दौरान सभी यात्रियों को टीके भी लगाए गए।

हज कमेटी ऑफ इंडिया ने यात्रियों की सुविधा के लिए पहली बार ¨हदी और उर्दू में छपी गाइड पुस्तकें निश्शुल्क दी है। जिसे प्रशिक्षण के दौरान यात्रियों को वितरित किया गया। यात्रियों को एहराम (हज के दौरान पहने जाने वाले कपड़े) भी दिए गए। फॉरेन ट्रैवल कार्ड की जानकारी एचडीएफसी और एक्सिस बैंक के प्रतिनिधियों ने दी।