जीवनी मंडी पर खुदाई के दौरान 30 इंच की पाइपलाइन फटी

रात के समय आवास विकास सेक्टर आठ में खुदाई के दौरान लीकेज हुई लाइन

शहर में तीन स्थानों पर लीकेज के चलते पेयजल आपूर्ति प्रभावित

आगरा। आधा शहर एक बार फिर से दो से तीन दिन पानी को तरस सकता है। अभी तक गंदे पानी की आपूर्ति झेल रहे आधे शहर में गुरुवार शाम से यह आपूर्ति भी ठप हो गई। अग्रवन से जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स तक गंगाजल आपूर्ति के लिए 160 मी। की पाइपलाइन बिछाई जा रही है। गुरुवार को इस लाइन को जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स से कनैक्ट करने के लिए खोदाई की जा रही थी। इसी दौरान शहर की आपूर्ति के लिए जा रही 30 इंच की पाइपलाइन फट गई।

अग्रवन भवन से वाटर व‌र्क्स तक बिछाई जा रही है 160 मी। की पाइपलाइन

गंगाजल प्रोजेक्ट मैनेजर पीयूष पंकज ने बताया कि अग्रसेन भवन से वाटर व‌र्क्स तक 160 मी। की पाइपलाइन बिछाई जा रही है। पिछले कई महीनों से इसको बिछाए जाने का काम चल रहा था। गुरुवार शाम 6 बजे जलनिगम द्वारा 160 मी। की पाइपलाइन को जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स से कनैक्ट करने के लिए खोदाई की जा रही थी कि अचानक कैम्पस के अन्दर शहर की सप्लाई के लिए जा रही 30 इंच की पाइपलाइन फट गई। पाइपलाइन फट कर लटक गई। इसके चलते पूरा कैम्पस जलमग्न हो गया।

पानी खाली करने के लिए मंगवाई गई मोटरें

कैम्पस में भरे पानी को खाली करने के लिए विद्युत मोटर मंगवाई गई, खबर लिखे जाने तक मोटरों से पानी को निकालने का काम शुरू नहीं हो सका था। अधिकारी भी सूचना पर मौके पर पहुंच गए। जब उनसे इस संबंध में बातचीत की गई तो उन्होंने दो से तीन दिन तक आधे शहर में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की आशंका जताई। बता दें कि इस पाइपलाइन के फटने से ट्रांस यमुना कॉलोनी, बल्केश्वर, यमुनापार, नरायच, शाहदरा, एत्माउद्दौला, काला महल, जीवनी मंडी, बेलनगंज, रावतपाड़ा, नाई की मंडी, रावली, कलक्ट्रेट, ढाकरान चौराहा, सदर भट्टी, विजय नगर कॉलोनी समेत पुराने शहर की आपूर्ति ठप हो गई है।

यहां भी आपूर्ति ठप

आवास विकास सेक्टर आठ में गैस की पाइपलाइन डालने को की जा रही खोदाई से पानी की पाइपलाइन फट गई। लीकेज बड़ा होने से एरिया में जलभराव हो गया। साथ ही क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति भी गड़बड़ा गई। इस दौरान पानी का प्रेशर कम हो गया। पेयजल की आपूर्ति नहीं हो सकी। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

ये है शहर की पेयजल आपूर्ति का इंफ्रास्ट्रक्चर

600 एमएलडी शहर की जरूरत

20 लाख शहर की जनसंख्या

3 चरणों में 540 एमएलडी पानी का लक्ष्य

13 वर्ष बाद आगरा को मिला गंगाजल

130 किमी। पाइपलाइन डालकर 150 क्यूसेक गंगाजल लाया गया था।

जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स से शहर को सप्लाई देने वाली 30 इंच की पाइपलाइन खोदाई के दौरान फट गई है। ये खोदाई अग्रवन से वाटर व‌र्क्स के लिए डाली जा रही 160 मी। की पाइपलाइन को कनैक्ट करने के लिए की जा रही थी। फिलहाल आपूर्ति बंद कर दी गई है।

आरएस यादव जीएम जलकल