नई दिल्ली (एएनआई)। यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह कुछ समय से बीमार चल रहे हैं। वर्तमान में वह यूपी की राजधानी लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में भर्ती हैं जहां उनका इलाज चल रहा है। कल्याण सिंह के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना पूरे देश से की जा रही है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फोन किया और उनका हालचाल लिया। इसके साथ ही यह भी कहा कि राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। सूत्रों ने एएनआई को बताया कि पीएम मोदी ने सिंह के बेटे राजवीर को भी उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के लिए फोन किया।

दो सप्ताह से अस्वस्थ हैं कल्याण सिंह
एक आधिकारिक बयान के अनुसार कल्याण सिंह जो उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भी हैं, को रविवार शाम राजधानी लखनऊ में संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SGPGI) की गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती कराया गया था। रविवार शाम को, संजय गांधी पीजीआई ने एक आधिकारिक बयान में बताया, कल्याण सिंह लगभग दो सप्ताह से अस्वस्थ महसूस कर रहे थे।

सीएम योगी पहुंचे थे हालचाल लेने
कल्याण सिंह का ब्लड प्रेशर और पल्स रेट सामान्य है लेकिन वह पूरी तरह से होश में नहीं है। उनकी कई मौजूदा बीमारियों को ध्यान में रखते हुए उन्हें क्रिटिकल केयर मेडिसिन की इंटेंसिव केयर यूनिट में रखा गया है। उन्हें पहले शनिवार रात लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सिंह से मिलने पहुंचे थे।

National News inextlive from India News Desk