अहमदाबाद (एएनआई)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अहमदाबाद में साबरमती आश्रम में महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके साथ ही भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी का अमृत महोत्सव की वेबसाइट को लॉन्च किया। इसके साथ ही वह अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से नवसारी में दांडी तक जाने वाले 81 पदयात्रियों को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वहीं इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज आजादी के अमृत महोत्सव का प्रारंभ हो रहा है। अमृत महोत्सव 15 अगस्त, 2022 से 75 सप्ताह पूर्व आज प्रारंभ हुआ है और 15 अगस्त, 2023 तक चलेगा।

हम आजाद भारत में ऐतिहासिक कालखंड के साक्षी बन रहे

पीएम मोदी ने कहा कि अमृत महोत्सव के प्रारंभ होने से पहले आज देश की राजधानी में अमृत वर्षा भी हुई और वरुण देव ने आशीर्वाद भी दिया। ये हम सभी का सौभाग्य है कि हम आजाद भारत में इस ऐतिहासिक कालखंड के साक्षी बन रहे हैं। आजादी के 75 साल का ये अवसर वर्तमान पीढ़ी को एक अमृत की तरह प्राप्त होगा। एक ऐसा अमृत जो हमें प्रतिपल देश के लिए जीने, कुछ करने के लिए प्रेरित करेगा।

भारत सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला

आजादी का अमृत महोत्सव भारत के स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मनाने के लिए भारत सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला है। भारत सरकार की एक आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक महोत्सव जन भागीदारी भावना के साथ जन उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। दांडी तक 241 मील की यह यात्रा 25 दिन में 5 अप्रैल को समाप्त होगी। दांडी के रास्ते में विभिन्न समूहों के लोग पदयात्रा में शामिल होंगे।

National News inextlive from India News Desk