नई दिल्ली (एएनआई)। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी आज सोमवार को अपना 94वां जन्मदिन मना रहे हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल कृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया कि आदरणीय आडवाणी जी को जन्मदिन की बधाई। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करते हैं। लोगों को सशक्त बनाने और हमारे सांस्कृतिक गौरव को बढ़ाने की दिशा में उनके कई प्रयासों के लिए राष्ट्र उनका ऋणी रहेगा। उन्हें उनकी विद्वतापूर्ण गतिविधियों और समृद्ध बुद्धि के लिए भी व्यापक रूप से सम्मानित किया जाता है।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दी शुभकामनाएं
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी इस अवसर पर शुभकामनाएं दीं। प्रधान ने ट्वीट किया कि हमारे अभिभावक और प्रेरणा, आदरणीय लालकृष्ण आडवाणी जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई। भाजपा के एक प्रमुख राष्ट्रीय दल बनने के बाद से, उनका अमूल्य योगदान रहा है। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।
वह भाजपा के सह-संस्थापक और वरिष्ठ नेता
8 नवंबर, 1927 को कराची में जन्मे लाल कृष्ण आडवाणी 1998 से 2004 तक भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार में गृह मंत्री थे। उन्होंने 2002 से 2004 तक अटल बिहारी वाजपेयी के अधीन उप प्रधानमंत्री के रूप में भी कार्य किया। वह भाजपा के सह-संस्थापक और वरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक स्वयंसेवक के रूप में की। 2015 में, आडवाणी को भारत के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।

National News inextlive from India News Desk