नई दिल्ली (एएनआई)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में महाराजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। शिलान्यास के बाद पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी आजादी के आंदोलन में कई महान व्यक्तित्वों ने अपना सबकुछ खपा दिया, लेकिन यह देश का दुर्भाग्य रहा है कि आजादी के बाद ऐसे राष्ट्र नायक और नायिकाओं को अगली पीढियों को परिचित ही नहीं कराया गया। उनकी गाथाओं को जानने से देश की कई पीढ़ियां वंचित रह गई। 20वीं सदी की उन गलतियों को आज 21वीं सदी का भारत सुधार रहा है । राजा महेंद्र प्रताप सिंह जी के जीवन से हमें अदम्य इच्छाशक्ति, अपने सपनों को पूरा करने के लिए कुछ भी कर गुजरने वाली जीवटता सीखने को मिलती है। वो भारत की आजादी चाहते थे और अपने जीवन का एक-एक पल उन्होंने इसी के लिए समर्पित कर दिया था।

भारत एक अहम रक्षा निर्यातक की छवि बनाने की तरफ बढ़ रहा
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह केवल भारत की आजादी के लिए ही नहीं लड़े। उन्होंने भारत के भविष्य की नींव में भी सक्रिय योगदान दिया था। उन्होंने अपने देश-विदेश की यात्राओं से मिले अनुभवों का उपयोग भारत की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए किया। वृंदावन में आधुनिक टेक्निकल कॉलेज उन्होने अपनी पैतृक संपत्ति को दान करके बनाया था। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के लिए जमीन भी राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने ही दी थी। आज मां भारती के अमर सपूत के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण उन्हें सच्ची कार्याजंलि है। आज देश ही नहीं दुनिया भी देख रही है कि आधुनिक ग्रेनेड और राइफल से लेकर लड़ाकू विमान, ड्रोन, युद्धपोत भारत में निर्मित हो रहे हैं। भारत दुनिया के एक बड़े रक्षा आयातक की छवि से बाहर निकलकर दुनिया के एक अहम रक्षा निर्यातक की छवि बनाने की तरफ बढ़ रहा है।

यूपी देश और दुनिया के हर छोटे-बड़े निवेशक की पसंद बन रहा
पीएम ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश और दुनिया के हर छोटे-बड़े निवेशक के लिए बहुत आकर्षक स्थान बनता जा रहा है। यह तब होता है जब निवेश के लिए जरूरी माहौल बनता है और ज़रूरी सुविधाएं मिलती हैं। आज उत्तर प्रदेश डबल इंजन सरकार के डबल लाभ का एक बहुत बड़ा उदाहरण बन रहा है। इससे पहले कार्यक्रम में माैजूद सीएम योगी ने कहा कि आज राधा अष्टमी भी है और ब्रज क्षेत्र के लिए आज के दिन का बड़ा महत्व है। ये हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री आज इस अलीगढ़ की पावन भूमि पर अपना मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्रदान करने के लिए और यहां की बहुप्रतीक्षित मांगों को पूरा करने के लिए स्वयं हमारे बीच उपस्थित हैं। अलीगढ़ की कोल तहसील के ग्राम लोढ़ा और ग्राम मुसेपुर करीम जरौली में कुल 92 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विश्वविद्यालय बन रहा है। यह अलीगढ़ संभाग के 395 कॉलेजों को संबद्धता प्रदान करेगा।

National News inextlive from India News Desk