- पिता की तहरीर पर केस दर्ज, तीन आरोपी हिरासत में

LUCKNOW :उन्नाव गैंग रेप की घटना का दर्द अभी कम नहीं हुआ है, वहीं मडि़यांव में भी कुछ इसी तरह का मामला सामने आ गया है। यहां एक मंदबुद्धि किशोरी के साथ रेप कर उसे जहर पिला दिया गया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे ट्रॉमा में भर्ती कराया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने रेप और धमकाने का केस दर्ज किया है।

तो लगेगा पॉक्सो एक्ट

लड़की नाबालिग है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। अगर लड़की नाबालिग हुई तो पॉक्सो एक्ट में भी मामला दर्ज किया जाएगा। परिजनों का आरोप है कि लड़की के साथ रेप किया गया और फिर उसे जहर खिलाया गया है।

मां के सामने किशोरी से रेप

मडि़यांव के ककौली गांव की यह घटना है। परिजनों का कहना है कि गांव में रहने वाले सर्वेश उर्फ बउवा ने किशोरी का रेप किया और फिर उसे जहरीला पदार्थ खिलाया है। परिजनों ने बताया किशोरी घर पर मां के साथ अकेली थी। वह बोल और सुन नहीं पाती है। बताया गया कि बेबस मां के सामने ही किशोरी के साथ रेप किया गया है। पीडि़ता को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया था। इनमें से पूछताछ के बाद दो को छोड़ दिया गया है। मुख्य आरोपी 32 वर्षीय सर्वेश पेशे से मिस्त्री है।

बाक्स

पुलिस कर रही जांच

एसपी ट्रांसगोमती राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीडि़ता ने गांव के ही एक युवक पर रेप का आरोप लगाया है। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पीडि़ता की हालत खतरे से बाहर है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।