-दूरबीन से गांधी मैदान के चारों तरफ रखी जाएगी नजर

PATNA: राजधानी में गुरुवार को धूम-धाम से स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। इसे लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मैदान एवं इसके बाहर सुरक्षा की सख्त व्यवस्था रहेगी। आसपास की सभी ऊंची इमारतों पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। दूरबीन से चारों ओर नजर रखेंगे। मैदान को पूर्णरूप से सील कर दिया गया है। बाहर एवं अंदर पेट्रोलिंग की जा रही है। दर्शकों के बैठने की इस बार विशेष व्यवस्था की गयी है। बांस की जाली पर कुशन रखकर इसे गद्देदार बनाया गया है। गांधी मैदान के गेट एवं अंदर इस बार दंडाधिकारी नहीं 63 समन्वयक तैनात किए जाएंगे। लोगों की आवभगत करेंगे। परेड दल के पीछे स्ट्रेचर के साथ वॉलेंटियर व डॉक्टर तैनात रहेंगे। गांधी मैदान के चारों ओर कहीं भी कोई वाहन पार्क नहीं करने दिया जाएगा।

गहन जांच के बाद ही प्रवेश

की मिलेगी अनुमति

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 15 अगस्त को गांधी मैदान में झंडोत्तोलन करेंगे। झंडोत्तोलन समारोह में प्रवेश गहन जांच के बाद दिया जाएगा। पुरुष कुछ साथ लेकर अंदर नहीं जा सकते हैं। महिलाएं सिर्फ पर्स के साथ जा सकती हैं। सुबह 6.30 बजे के बाद से मैदान में प्रवेश दिया जाएगा।

सीसीटीवी कैमरे से होगी निगरानी

गांधी मैदान की निगरानी सीसीटीवी कैमरे से भी होगी। गेट पर वीडियोग्राफी भी होगी। सभी गेटों पर दंडाधिकारी के बदले समन्वयक और पुलिस अधिकारी बड़ी संख्या में महिला और पुरुष जवानों के साथ तैनात रहेंगे।

एयरपोर्ट पर उतरवाए जूते

स्वतंत्रता दिवस को लेकर पटना जंक्शन एवं एयरपोर्ट पर सुरक्षा काफी सख्त है। जंक्शन के पोर्टिको के पास आरपीएफ ने बालू की बोरियां रखकर चार दिनों के लिए मोर्चा बनाया है। यहां स्वचालित हथियारों से लैस आरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं। जंक्शन पर सहायक सुरक्षा आयुक्त के नेतृत्व में बुधवार को सघन जांच अभियान चलाया गया।