- पुलिस ने किया 500 शिवसैनिक को गिरफ्तार

विश्वनाथ परिक्षेत्र के रेड जोन में घुसने का कर रहे थे प्रयास

VARANASI

महाशिवरात्रि पर शुक्रवार की सुबह बड़ी संख्या में शिवसैनिक श्रृंगार गौरी का जलाभिषेक करने के लिए काशी विश्वनाथ परिक्षेत्र के रेड जोन में घुसने लगे। हालांकि पुलिस ने चितरंजन पार्क के पास ही शिवसैनिकों को रोक दिया। इस बीच पुलिस और शिवसैनिकों में नोकझोंक भी हुई। महिला शिवसैनिकों ने महादेव के उद्घोष के साथ प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। महिला कार्यकर्ताओं को देखते ही पुलिस और अधिक सतर्क हो गई। एडीएम सिटी विनय कुमार सिंह और एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह के आदेश पर पुलिस ने करीब 500 शिवसैनिकों को अरेस्ट कर लिया। इसके अलावा पांडेयपुर चौराहा के पास हिंदूवादी संगठन के कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया। यह सभी श्रृंगार गौरी का जलाभिषेक करने जाना चाहते थे। हर साल महाशिवरात्रि पर शिवसैनिक श्रृंगार गौरी का जलाभिषेक करने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह कामयाब नहीं होते हैं। इससे पहले ही गिरफ्तार कर लिया जाता है। उधर, हिंदू समाज पार्टी के रोशन पांडेय को शांतिभंग की आशंका के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। हिंदूवादी संगठन के अरुण पाठक को उनके घर पर ही हाउस अरेस्ट किया गया था। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि कानून व्यवस्था के मद्देनजर एहतियातन यह कार्रवाई की गई है।