आगरा। जैतपुर में एक महीने पहले की गई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। उसके पास से चोरी का माल, मोबाइल फोन बरामद किया है। हत्यारोपी महिला का दूर का रिश्तेदार बताया गया है।

घटना के बाद से था फरार

थाना जैंतपुर गांव रूपपुरा निवासी महिला फूलमाला पत्नी स्व। माता प्रसाद की 15 दिसंबर को हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने इटावा विजयपुरा, सिविल लाइन निवासी वाले सुनील को अरेस्ट किया। सुनील अपने पिता के साथ कई वर्ष पहले महिला के घर आया था। महिला के पति और सुनील के पिता के अच्छे संबंध थे। एक महीने पहले पहुंचे सुनील ने अपने संबंधों का हवाला दिया। महिला ने भी उसका अतिथि की तरह आदर सत्कार शुरू कर दिया। अगले दिन सुनील महिला का धार्मिक स्वभाव देख उसे सत्संग ले गया, उस रात को वह महिला के घर ही सोया था। रात में सुनील ने उसके शरीर से कीमती आभूषण उतार लिए, मोबाइल फोन भी चुरा लिया। घटना को अंजाम देने के बाद सुनील वहां से भाग निकला। सुबह हत्या की जानकारी मिलने पर महिला के पुत्र शिवचरन ने पुलिस को घटना की सूचना दी। उसकी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।

पूर्व में जेल जा चुका है आरोपित

हत्यारोपी सुनील एक वर्ष पहले मध्यप्रदेश भिंड में जेल की हवा खा चुका है। पूछताछ पर सुनील ने पुलिस को बताया कि उसे रुपए की जरूरत थी। वह उन रुपयों से मुकदमों की पैरवी करना चाहता था। लेकिन पुलिस ने अरेस्ट कर उसके प्लान पर पानी फेर दिया। थाना प्रभारी अरुण कुमार बालियान ने बताया कि आरोपित सुनील के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।