-3 दिनों में 2890 में से 1816 ने पास की दौड़

-फेल होने वालों में महिला अभ्यर्थियों की संख्या ज्यादा

BAREILLY: पुलिस सिपाही भर्ती दौड़ में 37 परसेंट कैंडिडेट फेल हो गए हैं। 3 दिनों से चल रही दौड़ में 2890 कैंडिडेट्स ने दौड़ में हिस्सा लिया जिसमें से सिर्फ 1816 ही पास हुए और 1074 फेल हो गए। फेल होने वालों में महिला अभ्यर्थी ज्यादा हैं। वह दौड़ के बीच में ही गिरकर बेहोश हो जा रही हैं। दौड़ में फेल होने की वजह तैयारी न होना बताया जा रहा है। पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा में 4175 कैंडिडेट्स पास हुए हैं। अभी दो दिन में 1285 कैंडिडेट्स की दौड़ करानी बाकी है।

281 में सिर्फ 88 महिला अभ्यर्थी पास

पुलिस भर्ती की प्रक्रिया दो स्थानों पर चल रही है। पुलिस लाइंस में डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन और फिजिकल हो रहा है और आठवीं वाहिनी पीएसी में दौड़ हो रही है। कागजों की जांच पूरी होने के बाद फिजिकल पूरा करने पर कैंडिडेट्स को पीएसी में दौड़ के लिए भेजा जा रहा है। दौड़ 7 दिसंबर से शुरू हुई है और 11 दिसंबर तक दौड़ होगी। दौड़ में मंडे को 1195 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिसमें से 754 ने दौड़ पास की और 441 फेल हो गए। वहीं 281 महिला कैंडिडेट्स ने दौड़ में हिस्सा लिया, जिसमें से सिर्फ 88 ही पास हो सकीं। दौड़ में 69 परसेंट महिला अभ्यर्थी फेल हो गई।

फिजिकल को कम आंकने का आरोप

पुलिस भर्ती को लेकर कई अभ्यर्थी शिकायत भी कर रहे हैं। मथुरा के नगला खारी गांव निवासी विनोद ने आरोप लगाया कि उसकी शारीरिक क्षमता को कम आंका गया। उसका फिजिकल पैनल 3 ने लिया था। उसने यूपी पुलिस के ट्विटर अकाउंट और डीजीपी की ईमेल पर शिकायत कर दूसरे पैनल से फिजिकल कराने की मांग की है। मामले की जांच नोडल अफसर एसपी ट्रैफिक को दी गई है।