PATNA : पटना में लगातार हो रही अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने अभियान शुरू किया है। इसके तहत पुलिस ने रविवार को फुलवारीशरीफ थाना एरिया में एक गैंग का पर्दाफाश किया है। गैंग का मास्टर माइंड गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर शहर में चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देता था। गैंग ने पुलिस की तरह सदस्यों की बीट बांट रखी थी। गैंग का हर सदस्य सुबह और शाम अपनी बीट में घूमते हैं। जिसके जिम्मे जो बीट थी वही उस क्षेत्र में लूटपाट कर सकता था। वहां पर पुलिस की चहलकदमी कैसी है इसकी जानकारी वो मास्टर माइंड भोला को देते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 पिस्टल और सोने की चेन को बरामद की है। इनके निशाने पर बुजुर्ग महिलाएं हुआ करती थी।

लूट की योजना बना रहा था गैंग
फुलवारीशरीफ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एफसीआई गोदाम के पास बदमाश लूट की योजना बना रहे हैं। इसके बाद पुलिस वहां पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से मो। शाहबुद्दीन उर्फ भोला, आकाश, अरशद उर्फ शादाब, मो। मीनू, मो। इमरान उर्फ टींकू और मो। इरशाद को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से दो देसी पिस्टल, 5 गोली, एक मैगजीन सहित कुछ दूसरे सामान बरामद हुआ है।

सदस्यों को मिलती थी ट्रेनिंग
एसएसपी गरिमा मलिक ने बताया कि गिरफ्तार अरशद उर्फ शादाब उर्फ अरशद, मो। शहाबुद्दीन उर्फ भोला, मो। मीनू, मो। इमरान उर्फ टिंकू, मो। इरशाद फुलवारीशरीफ के ही निवासी है जबकि आकाश कुमार शास्त्रीनगर के राजा बाजार का रहने वाला है। अरशद और भोला गिरोह के सरगना के राइट हैंड हैं।

गर्लफ्रेंड के साथ मिला भोला
एफसीआइ गोदाम के पास से पुलिस ने आकाश, अरशद, टिंकू, इरशाद और मीनू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो आकाश ने भोला का नाम उगला। पुलिस उसकी निशानदेही पर भोला की तलाश में पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन के पास स्थित एकहोटल में छापामारी करने पहुंची। देर रात पुलिस ने भोला को होटल के एक कमरे से गिरफ्तार कर लिया। उस समय उसकी गर्लफ्रेंड भी मौजूद थी। भोला के पास दो पिस्टल भी मिलीं।

बदल लेते थे हुलिया
गैंग के सदस्य आठ-आठ सौ रुपए खर्च कर सेविंग कराते और बाल में कलर लगवाते थे। जिस दिन चेन छीनी जाती थी, उस रात सभी एक साथ रेस्टोरेंट में खाना खाने जाते थे। थानाध्यक्ष फुलवारीशरीफ के अनुसार इस गिरोह के द्वारा फुलवारी शरीफ के बिड़ला कॉलोनी, मित्र मंडल कॉलोनी, जगदेव पथ एवं सचिवालय थाना क्षेत्र के साथ साथ गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में करीब आठ चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

चेन स्नेचिंग के बाद होटल में पार्टी
गैंग का गिरफ्तार मास्टर माइंड भोला ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि वह आकाश सहित कुल आठ-दस लोग मिलकर चेन छिनतई करते थे। इसमें फुलवारीशरीफ के नया टोला के कई और लड़के शामिल हैं। भोला, आकाश, टिंकू और मीनू फुलवारीशरीफ, एयरपोर्ट, सचिवालय, गर्दनीबाग, एसके पुरी में चेन छिनतई करते थे। जबकि आकाश और चार अन्य लड़के राजीव नगर, पाटलिपुत्र, दीघा में चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देते थे। एक साथ दोनों गैंग वारदात को अंजाम देने के लिए निकलता था। एक ही दिन में दो-तीन चेन लूटने के बाद गैंग के सभी सदस्य पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में जुटते थे। वहीं सब मिलकर पार्टी करते थे। गिरफ्तार सभी बदमाशों की गर्लफ्रेंड हैं। भोला ने बताया कि तीन से चार वारदात में गिरोह के साथ सभी की गर्लफ्रेंड भी थी। लूट का चेन बेचने के बाद मिले रुपयों से दो से तीन दिनों तक होटल में साथ रहते थे।