- आंख में लगी चोट के कारण विजय को हो सकता था कैंसर

- हर निराशा के बाद पुलिस ने उठाया उसके उपचार का बीड़ा

- मैक्स हॉस्पिटल में विजयपाल का हो रहा बेहतर ट्रीटमेंट

DEHRADUN : विजयपाल के लिए पुलिस किसी जीवनदाता से कम नहीं है। आंख में चोट लगने पर पुलिस महकमा उसका पूरा इलाज करवा रहा है। पिता का पहले ही देहांत हो चुका है और मां मानसिक रूप से कमजोर है। ऐसी स्थिति में विजयपाल के उपचार का जिम्मा उठाया है पुलिस महकमे ने। अब विजयपाल का उपचार मैक्स हॉस्पिटल में चल रहा है। तय समय पर उपचार न मिलता तो उसकी आंख में कैंसर होकता था।

खेलते समय लगी चोट

दरअसल, जनपद उत्तरकाशी के ग्राम नोताला थाना मनेरी का रहने वाला विजय पाल की आंख पर कुछ महीने पहले चोट लगी। उसके पिता की पांच साल पहले मौत हो चुकी है। गम में मां भी मानसिक संतुलन खो बैठी। ग्राम स्तर पर लोगों ने विजय पाल के उपचार के लिए पैसे एकत्रित किए, लेकिन तय रकम कम पड़ गई। क्योंकि चोट के कारण आंख बाहर निकल आई थी। नासूर लगातार गहरा होता जा रहा है। विजय पाल के साथ उसके जानने वालों ने मदद के लिए सरकार के साथ हर स्तर पर प्रयास किया, लेकिन कहीं से भी मदद न मिली।

डीजीपी ने दिए निर्देश

विजय पाल के बारे में डीजीपी बीएस सिद्धू को सूचना मिली। मानवता का परिचय देते हुए उन्होंने एसपी उत्तरकाशी जेआर जोशी को विजय पाल की मदद के बावत निर्देश जारी किए। स्थानीय पुलिस ने अपने स्तर से हर संभव मदद की। महकमे से अन्य लोग भी मदद को आगे। अब विजय पाल का मैक्स हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है। डीजीपी बीएस सिद्धू ने बताया कि विजयपाल को मैक्स अस्पताल पहुंचाया जा चुका है, जहां उसका उच्च स्तर का उपचार करवाया जा रहा है।