लॉकडाउन में एक फोन पर खाद्यान्न पहुंचा रही पुलिस

इलाज करवाने तक में पीछे नहीं रहे पुलिस के जवान

PRAYAGRAJ:

फोन पर - हैलो सर

पुलिस- जी, कौन बोल रहे हैं

उत्तर- सर राम सिंह बिन्द

पुलिस- कहां रहते हैं राम सिंह जी

उत्तर- दुबावल थाना सरायइनायत

पुलिस- जी, अपनी समस्या बताएं

उत्तर- मैं घर में, खाने को कुछ नहीं है

पुलिस- क्यों?

उत्तर- लॉकडाउन है, नहीं निकल पा रहा

बस, इतना सुनने के बाद पुलिस एक्टिव हो गई। उसके घर खाने के सामान पहुंचाने के लिए सरायइनायत पुलिस प्रबंध करने लगी। रात करीब 11 बज रहे थे। काफी खोजने के बाद एक दुकान खुलवाई गई। इस दुकान से पुलिस ने आटा, चावल, दाल, तेल, नमक, सब्जी मसाला दूध सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री की खरीदारी की। खरीदे गए इस सामान को पुलिस करीब आधे घंटे में लेकर राम सिंह बिन्द के घर जा पहुंची। खाने के सारे सामान पाते ही वह पुलिस को दुआएं देने लगा। इस तरह के एक दो नहीं पुलिस के पास कई कॉल आए। कॉल करने वाले हर व्यक्ति की पुलिस एक सक्रिय सोशल वर्कर की तरह मदद करते नजर आई।

करवाया इलाज फिर छोड़ा घर

रात करीब दो बजे डॉयल 112 पर फाफामऊ चालीस नंबर गोमती निवासी गंगाधर चौरसिया ने कॉल किया। बताया कि बच्चे की हालत खराब है, वह बहुत बीमार है। बच्चे के इलाज के लिए वे हॉस्पिटल जाना चाहता है। पुलिस उसकी भी मदद करने से पीछे नहीं रही। पुलिस उसके घर पहुंची। उसके कहने पर पुलिस उसे फाफामऊ प्राइवेट हॉस्पिटल ले गई। इलाज व दवा के बाद उसे वापस घर छोड़ दिया।

दो दिव्यांगों का सहारा बनी महिला आरक्षी

कोतवाली एरिया के एसआरएन हॉस्पिटल पुलिस चौकी में तैनात महिला आरक्षी अंजू सचान के कार्यो की जितनी तारीफ की जाय वह कम है। लॉकडाउन की वजह से हॉस्पिटल के आसपास की सारी दुकानें बंद हैं। ऐसे में हॉस्पिटल गेट पर रहने वाले भूखे दो मानसिक दिव्यांग पर 22 मार्च को अंजू की नजर पड़ी। तब से वह इन दोनों दिव्यांगों के लिए चौकी ड्यूटी आते वक्त घर से खाना बनाकर लाती हैं। बाकायदे खाना और पानी देने के बाद वे चौकी पर पहुंचती हैं।

हमारी पूरी कोशिश है कि लॉक डाउन की वजह से पब्लिक को कोई प्रॉब्लम न हो। देखने में आ रहा है कि ड्यूटी के पहले या बाद भी पुलिस के कई जवान परेशान लोगों व दिव्यांगों की मदद कर रहे हैं। उनका यह कार्य सराहनीय है।

सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज,

एसएसपी प्रयागराज

व्यापारी ने की यूनीक पहल

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष होटल व्यवसायी योगेश गोयल ने प्रतिदिन भोजन के सौ पैकेट उन गरीबों को उपलब्ध कराने का फैसला लिया है जो शहर में रहते हैं और लॉक डाउन से उनके पास भूखे रहने के अलावा कोई चारा नहीं है। गुरुवार को उन्होंने खाने के 100 पैकेट सिविल लाइन हनुमान मंदिर, श्री साईं मंदिर अशोकनगर, हाई कोर्ट चौराहा एवं नगर के अन्य स्थानों पर प्रशासन की मदद से वितरित किया।