- बरहन पुलिस के दबाव में आयोजन समिति के सदस्यों ने दिया शपथपत्र

- अध्यक्ष बोले, कल डीएम से मिलेंगे, 15 को आयोजन की अनुमति मिलने की चर्चा

बरहन। आंवलखेड़ा में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की बरात के आयोजन पर प्रशासन ने भले सकारात्मक रुख दिया लेकिन अब तक इसकी अनुमति नहीं दी है। अब तक आयोजन समिति आश्वस्त थी कि कोई दूसरी तारीख मिल जाएगी लेकिन अब तक प्रशासन ने रुख साफ नहीं किया है। हालांकि इस बार 15 अक्टूबर को आयोजन होने की चर्चा है। वहीं गुरुवार को बरहन पुलिस के दबाव में आयोजन समिति ने शपथ पत्र देकर स्पष्ट कर दिया कि रामबरात का आयोजन 11 अक्टूबर को (आज) नहीं किया जाएगा।

इस बार श्रीराम सेवा समिति ने 11 अक्टूबर को रामबरात आयोजन की बात कही थी लेकिन प्रशासन ने इससे पूर्व ही 68 लोगों को पाबंद कर दिया। इनमें कुछ को 10-10 लाख तो कुछ को पांच-पांच लाख के मुचलके से पाबंद किया गया। दबाव में आई समिति के सदस्यों के बीच यहीं से बिखराव शुरू हो गया। एक धड़ा आयोजन तय समय 11 अक्टूबर को कराने पर अड़ा रहा जबकि दूसरा प्रशासन की अनुमति के बाद ही आयोजन कराना चाहता था। आयोजन समिति के अध्यक्ष ओमवीर सिंह चौहान का कहना है कि प्रशासन ने अब तक स्थिति साफ नहीं की है। शनिवार को आधा दर्जन समिति सदस्य डीएम से मुलाकात कर अनुमति मांगेंगे।