- बरेली की किशोरी का सहजनवां में हुआ अपहरण, चार दिन से परिजन लगा रहे थाने का चक्कर

GORAKHPUR: बरेली सिटी के फेमस व्यापारी की बेटी का सहजनवां क्षेत्र से अपहरण हो गया है। चार दिनों से परिजन थाने का चक्कर लगा रहे हैं लेकिन पुलिस प्रेम संबंधों का मामला बताकर उनको टरका रही है। एसओ का कहना है कि लड़की मिलने पर केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। अपहरण की बात बेबुनियाद है। वह अपने प्रेमी संग घर से भागी है।

स्कूल से नहीं लौटी छात्रा

बरेली निवासी एक व्यापारी ने अपनी बेटी की शादी सहजनवां क्षेत्र में की है। व्यापारी की छोटी बेटी अक्सर अपनी दीदी के घर आती जाती थी। बड़ी बहन के कहने पर छोटी बहन उसके साथ ही रहने लगी। जीजा ने उसका एडमिशन गांव के पास एक स्कूल में करा दिया। एक साल से किशोरी दीदी के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। एक सप्ताह पहले स्कूल जाने की बात करके घर से निकली। देर शाम तक उसके न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उसकी तलाश में नाकाम रहने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

जबरन अपने साथ ले गए युवक

परिजनों ने तलाश शुरू की तो सामने आया कि वह स्कूल से घर लौट रही थी। तभी रास्ते में एक युवक अपने दोस्तों संग उससे मिला। वह जबरन अपने साथ किशोरी को लेकर चला गया। परिजनों का आरोप है कि इलाके का एक युवक किशोरी पर गलत नजर रखता था। स्कूल जाते समय वह उसको परेशान करता था। परिजनों ने आशंका जताई कि उसी युवक ने अपने दोस्तों संग मिलकर किशोरी का अपहरण कर लिया। परिजनों के तहरीर देने पर पुलिस केस दर्ज करने के बजाय प्रेम संबंध का मामला बताकर थाने से लौटा दे रही है। किशोरी के परिजन उसके साथ किसी अनहोनी को लेकर डरे हुए हैं।

वर्जन

शुरुआती जांच में प्रेम संबंध की बात सामने आई है। लड़की के मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।

- ब्रजेश यादव, एसओ, सहजनवां