मुम्बई ऑफिस पर पुलिस ने मारा छापा

सामान समेत 5.50 लाख रूपया बरामद

आगरा। पुष्पांजलि हॉस्पिटल के निदेशक मयंक अग्रवाल के अकाउंट से 98.70 लाख रुपए के मामले में एक नया तथ्य और सामने आया है। रूपया ट्रांसफर करने वाले आठवीं पास धर्मेद्र के मुम्बई स्थित ऑफिस पर पुलिस ने छापा मारा है। सामान के साथ 5.50 लाख रूपया भी बरामद किया है। हालांकि वहां कोई नहीं मिला। पुलिस अब अन्य ठिकानों की तलाश में है।

किराए पर लिया था ऑफिस

पुलिस को जब पता चला कि धर्मेद्र ने मुम्बई में भी इन्वेस्टमेंट किया है। इसके बाद पुलिस की एक टीम मुम्बई में डेरा डाले हुए थी। सूत्रों के मुताबिक धर्मेद्र सरकारी विज्ञापन पर डॉक्यूमेंट्री बनाना चाहता था। उसने एक प्रॉडक्शन हाउस बनाया। इसमें काफी रुपया लगाया। ऑफिस में कर्मचारी भी रखे थे। धर्मेद्र ने अंधेरी मुम्बई में सवा लाख रुपये में ऑफिस किराए पर लिया था। जिस दलाल ने उसे ऑफिस दिलवाया, उस दलाल को भी सवा लाख रुपया दिया। तीन महीने का किराया भी एडवांस दिया था। पुलिस ने छापा मारकर ऑफिस से कम्प्यूटर, लैपटॉप बरामद किए हैं। उसने इंफ्रास्ट्रक्चर और कर्मचारियों की सैलरी पर भी काफी खर्च किया था। यहां से साढ़े पांच लाख रुपया भी बरामद हुआ है।

शो भी हो गया फ्लॉप

सूत्रों के मुताबिक धर्मेद्र ने एक शो में रुपया लगाया था, लेकिन वह भी फ्लॉप हो गया। उसमें उसे नुकसान हुआ। पूर्व में जेल भेजे गए सहायक मैनेजर ज्ञानेंद्र को उसने रुपया नहीं दिया था। ज्ञानेंद्र ने उससे कहा था कि वह उससे बात न करे। पहले वह रुपया कमा ले बाद में उसे दे। धर्मेद्र ने रुपया कमाने के लिए प्रापर्टी डीलिंग का काम शुरु किया था। उसने एत्मादउद्दौला क्षेत्र में भी प्रॉपर्टी का काम किया था। संजय प्लेस में भी प्रॉपर्टी डीलिंग का ऑफिस खोला था।