जिंदा थी वो, पहुंचा दिया जानकारी

- भाजपा महिला नेत्री की सड़क दुर्घटना में मौत

- पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती करने के बजाय मोर्चरी ले गई

- उपचार के दौरान निजी अस्पताल में मौत, हंगामा

Meerut: मेरठ पुलिस के कारनामे भी गजब के हैं। सड़क दुर्घटना में घायल महिला लीडर को उपचार के लिए मेडिकल के इमरजेंसी में भर्ती कराने के बजाय मोर्चरी पहुंचा दिया। घायल के शरीर में हरकत हुई तो आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर

मेडिकल थानाक्षेत्र के शास्त्रीनगर के ब्लॉक निवासी 48 वर्षीय गीता शर्मा पत्‍‌नी राजीव शर्मा भाजपा महिला मोर्चा की शास्त्रीनगर मंडल की मीडिया प्रभारी थीं। उनके दो बच्चे आकाश और प्रियंका हैं। वह दोपहर में अपने घर से स्कूटी से कुछ काम से निकलीं थीं। बताया जा रहा है कि गढ़ रोड पर पीवीएस मॉल के पास ही वह सड़क क्रॉस कर रहीं थी। तभी पीछे से आ रही तेज गति से ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही गीता गिर गई। उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटे आई। वह सड़क पर बेहोश हो गई। घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। ट्रक ड्राइवर को लोगों ने उसे दबोच लिया। उसकी धुनाई शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची नौचंदी थाना पुलिस ने आरोपी को लोगों के चंगुल से छुड़ाकर अपने हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रशीद निवासी राशिद नगर बताया।

मोर्चरी में जिंदा मिली

घटनास्थल पर पहुंची थाना पुलिस ने घायल गीता शर्मा को मृत समझ लिया। उन्हें मोर्चरी में पहुंचा दिया और परिजनों को सूचना दे दी। मोर्चरी में घायल गीता शर्मा को लेटा ही रहे थे कि उनके शरीर में कुछ हरकत दिखाई दी। वहां मौजूद लोगों में खलबली मच गई। पुलिस ने तस्दीक की तो उनकी सांसें चल रहीं थीं। आनन-फानन में उन्हें मंगल पांडेय नगर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान गीता के परिजन पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही कई नेता व कार्यकर्ता पहुंचने लगे। उपचार के दौरान ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल में कोहराम मच गया। परिजन समेत कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।

दो थानों की पुलिस पहुंची

हंगामा बढ़ता देख अस्पताल में मेडिकल, नौचंदी थाना पुलिस सीओ बीएस वीर कुमार पहुंच गए। वे हंगामा कर रहे लोगों को समझाने लगे, लेकिन वे नहीं मान रहे थे। आरोपी ट्रक ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ पुलिस के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग करने लगे। पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराना चाहती थी, लेकिन परिजन मना करने लगे। पुलिस के काफी समझाने और कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद परिजन माने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

एक्सिडेंट में महिला नेत्री की मौत हुई है। आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। घायल अवस्था में उन्हें मोर्चरी ले जाना जांच का विषय है। इसकी जांच कराई जाएगी।

- बीएस वीर कुमार, सीओ, सिविल लाइंस