AGRA (27 Feb.): विश्व हिन्दू परिषद के नेता अरूण माहौर का हत्याकांड में सियासी उठापटक तेज हो गई है। विहिप नेता के परिवारीजनों को बरेली से आगरा आ रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी को कछला में रोक दिया गया। इससे भाजपा नेताओं में उबाल छा गया। वाजपेयी बार-बार आगरा आकर सिर्फ संवेदना जताने की जिद करते रहे, लेकिन स्थानीय पुलिस और प्रशासन के आला अफसरों ने कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया।

अभद्रता पर अपनाया कड़ा रुख

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आगरा में पुलिस द्वारा भाजपा जिलाध्यक्ष के साथ हुई अभद्रता को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि एक सीओ द्वारा अभद्रता की गई है। ये मामला मेरे संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि पुलिस अफसर सत्ता के नशे में चूर है, लेकिन याद रखें, ये हमेशा नहीं रहेगी। उन्होंने इस मामले में चेतावनी देते हुए कार्रवाई की बात कही.भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी कछला में छह घंटे गाड़ी में नजरबंद रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि आगरा में उनकी अधिकारियों से बात हो गई थी, उन्होंने सहमति भी जता दी थी, लेकिन बाद में उनको रोका गया। कछला में एसडीएम व एडीएम ने उन्हें गृह विभाग से प्रतिबंधित होने का हवाला देते हुए जाने से रोक दिया। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने गृह सचिव कमल सक्सेना से बात की तो उन्होंने किसी भी प्रकार से प्रतिबंध होने से इंकार कर दिया। उसके बाद आईजी जोन आगरा डीसी मिश्र और डीआईजी ने भी प्रदेश अध्यक्ष से बात की।

प्रवीण और प्रज्ञा के आने की चर्चा

रविवार को होने जा रही शोक सभा में विहिप नेता प्रवीण तोगडि़या व साध्वी प्रज्ञा के आने की चर्चा दिन भर रही। सूत्रों की मानें तो प्रवीण तोगडि़या ने आगरा आने का मन बना लिया। पुलिस-प्रशासन ने विहिप नेता को आगरा आने से रोकने के लिए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है। अन्य विभागों से भी अधिकारियों व कर्मचारियों को डयूटी में लगाया है।