JAMSHEDPUR: बोड़ाम थाना क्षेत्र के कोंकादासा गांव में विधिक सेवा प्राधिकार के अधिकारियों की गाड़ी कार्यक्रम स्थल तक अपनी सुरक्षा में लेकर जा रहे पुलिस के जवानों का रक्षा वाहन दलमा पहाड़ी की 80 फीट गहरी खाई में गिर गया। शनिवार को दोपहर तकरीबन 12 बजे कोंकादासा गांव से पहले हुई इस दुर्घटना में छह जवान जख्मी हुए हैं। घायलों में एक होमगार्ड का चालक, चार कांस्टेबल और एक एसआइ शामिल हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है। दो गंभीर रूप से जख्मी जवान को सीसीयू में भर्ती किया गया है जबकि, बाकी जवान का वार्ड में इलाज चल रहा है। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

पुलिस प्रशासन में हड़कंप

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। बोड़ाम थाना प्रभारी काजल दुबे ने घटना की सूचना फौरन पुलिस के आला अधिकारियों को दी। सूचना पर ग्रामीण एसपी पीयूष पांडेय, डीएसपी पटमदा समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को टाटा मेन अस्पताल लाया गया। बिष्टुपुर थाना प्रभारी राजेश प्रकाश सिन्हा, साकची थाना प्रभारी कुणाल कुमार और एमजीएम थाना प्रभारी अरविंद भी टाटा मेन अस्पताल पहुंच गए। यहां सभी घायलों का इमरजेंसी में इलाज हुआ। चालक आशीष कुमार महतो और जवान शमशेर आलम की स्थिति गंभीर थी। इन जवानों का सीटी स्कैन और एक्स-रे कराया। शमशेर आलम के सिर के अलावा कमर और पैर में गंभीर चोट आई है।

ये जवान हुए घायल

घायलों में वाहन चालक आशीष कुमार महतो (होमगार्ड), शमशेर आलम, विभीषण प्रमाणिक, किष्टो साहू, हावजोन किंजली चांपिया औार बोड़ाम थाना के एसआइ सकल देव महतो हैं।

कोंकादास गांव में था कार्यक्रम

बताते हैं कि दलमा पहाड़ी पर बसे गांव में विधिक सेवा प्राधिकार का एक जागरूकता कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम में विधिक सेवा प्राधिकार के अधिकारियों को जाना था। इन्हीं अधिकारियों के साथ पुलिस के जवानों जा रहे थे। साथ ही दलमा में शिवरात्रि के दौरान सुरक्षा को लेकर भी इन जवानों की वहां ड्यूटी लगी थी।

सामने बाइक आने से हुआ हादसा

घायल जवान शमशेर आलम ने बताया कि जब रक्षा वाहन पहाड़ी पर कोंकादासा गांव की तरफ चढ़ रहा था तभी सामने एक बाइक सवार आ गया। अचानक सामने आए तेज रफ्तार बाइक सवार को बचाने के लिए चालक आशीष कुमार ने वाहन को दायीं तरफ मोड़ा। तभी वाहन बेकाबू होकर खाई में जा गिरा।

स्वास्थ्य मंत्री ने ने जाना हाल

जवानों के घायल होने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता शाम चार बजे टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचे। यहां उन्होंने जवानों का हाल जाना और अस्पताल प्रबंधन से जवानों का बेहतर इलाज करने को कहा। यही, नहीं मंत्री ने सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट और ग्रामीण एसपी पीयूष पांडेय से बात कर जवानों के बारे में जानकारी ली।

सभी खतरे से बाहर

चालक आशीष और जवान शमशेर की हालत गंभीर बताई जा रही थी लेकिन शाम तक डॉक्टरों ने पुलिस के अधिकारियों को बताया कि अब इन दोनों जवानों की स्थिति भी खतरे से बाहर है। इसके बाद भी दोनों को डॉक्टरों की खास निगरानी में रखा गया है।