-नगर आयुक्त ने जिला निर्वाचन अधिकारी को लिखा पत्र

-बिल्डिंग निर्माण की वजह से दूसरे स्कूलों में बनेंगे पोलिंग बूथ

BAREILLY: लोकसभा चुनावों को लेकर बूथ बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कैंट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर निगम में भी पोलिंग बूथ बनाए जाते हैं, लेकिन इस बार यहां पोलिंग बूथ नहीं बन सकेंगे। नगर आयुक्त ने इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखा है। पोलिंग बूथ न बनने की वजह नगर निगम की बिल्डिंग में निर्माण कार्य होना बताया गया है।

10 बूथ बनने थे नगर निगम में

बता दें कि एसीएम फ‌र्स्ट ने नगर निगम को पत्र लिखा था, जिसमें नगर निगम की बिल्डिंग में कैंट विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथ नंबर 273 से 284 तक बूथ बनाने के संबंध में था। यहां सभी चुनावों में पोलिंग बूथ बनते हैं। इन बूथ पर कालीबाड़ी, सिकलापुर, सिविल लाइंस व आसपास के लोग वोट डालने आते हैं। पोलिंग बूथ बनाने के बाद इनका स्थलीय निरीक्षण भी किया जाना था।

यहां बनाए जा सकते हैं बूथ

एसीएम के पत्र के जवाब में नगर आयुक्त ने लिखा है कि जिस बिल्डिंग में बूथ बनने थे, उस बिल्डिंग को 10 महीने पहले ही ध्वस्त किया जा चुका है। इनमें करीब 1 महीने से निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है। निर्माण कार्य 2 वर्ष तक चलेगा, जिसकी वजह यहां पोलिंग बूथ बनाना संभव नहीं होगा। नगर निगम के बजाय पास में ही एलायंस विद्या स्कूल और बरेली इंटर कॉलेज हैं, जहां पर्याप्त स्थान है। इन स्थानों पर बूथ बनाए जा सकते हैं।