- प्रियंका बनें अध्यक्ष तो कांग्रेस में आए निखार

- प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर उन्हें कांग्रेस की कमान सौंपे जाने की मांग

ALLAHABAD: लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की जबर्दस्त हार के बाद कांग्रेस के अपनों द्वारा ही कांग्रेस पर वार किया जा रहा है। लोकसभा चुनाव के बाद इलाहाबाद कांग्रेस के पूर्व सचिव ने दूसरी बार होर्डिग धमाका किया है, जिसने कांग्रेसियों में खलबली मचा दी है। क्योंकि होर्डिग में जहां प्रियंका गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने की बात कही गई है, वहीं कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर वार किया गया है। पूर्व सचिव ने शहर में जगह-जगह होर्डिग लगाकर प्रियंका गांधी को कांग्रेस की कमान सौंपे जाने की मांग की है।

आज है प्रियंका गांधी का जन्मदिन

सोमवार को कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी का जन्म दिन है। जन्म दिन से एक दिन पहले यानी संडे को शहर में कुछ स्थानों पर बड़े-बड़े होर्डिग दिखाई दिए। जिसमें एक तरफ जहां प्रियंका गांधी को जन्म दिन पर बधाई दी गई है। वहीं दूसरी तरफ उन्हें पार्टी का अध्यक्ष बनाए जाने की मांग भी की गई है। होर्डिग में लिखा है कि मईया बहना को दो जन्मदिन का उपहार, अध्यक्ष बनें प्रियंका तो आए कांग्रेस में निखार। ये मांग किसी और ने नहीं बल्कि कांग्रेस के पूर्व सचिव हसीब अहमद और श्रीश चंद्र दुबे ने की है। जिनके फोटो होर्डिग में लगे हुए हैं।

पहले भी कर चुके हैं धमाका

पूर्व सचिव ने होर्डिग धमाका पहली बार नहीं किया है। लोकसभा चुनाव के बाद भी इसी तरह के होर्डिग शहर में लगाए थे। जिसमें उन्होंने राहुल गांधी की जगह प्रियंका गांधी को कांग्रेस की कमान सौंपे जाने की मांग की थी। जिसके बाद हंगामा हुआ और पूर्व सचिव हसीब अहमद को पद से हटाया गया।

ये पार्टी की राय नहीं

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अनिल द्विवेदी से जब बात की गई तो उन्होंने इस तरह के किसी भी निर्णय से इनकार किया। कहा कि जो लोग इस तरह की मांग कर रहे हैं, वे पार्टी के पदाधिकारी नहीं हैं। ये उनकी पर्सनल राय हो सकती है। फिलहाल ऐसा कुछ नहीं है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।