- प्रज्ञा पार्क में डीएम ने दो पक्षों के बीच कराया समझौता

- पार्क में दोनों पक्ष कर सकेंगे धार्मिक कार्यक्रम

- पार्क में लगाया जाएगा सीसी टीवी कैमरा

LUCKNOW: गोमती नगर के विनित खंड स्थित प्रज्ञा पार्क में दो समुदाय के बीच धार्मिक आयोजन को लेकर हुए बवाल के बाद बुधवार को डीएम राजशेखर ने दोनों तरफ के लोगों को बुलाया था। उनके बीच बातचीत हुई और फिर लिखित समझौता करा दिया गया। क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात रखा गया है।

इन शर्तो पर समझौता

1. विनित खंड स्थित प्रज्ञा पार्क के पूरब दिशा में स्थित मस्जिद में आयोजन यथावत होते रहेंगे।

2. हर मंगलवार को महिलाएं पार्क में लगे पीपल के पेड़ में शाम 6 से 9 बजे पूजा पाठ और सुंदरकांड करती हैं, यह अनुष्ठान पहले की तरह होते रहेंगे।

3. मस्जिद में प्रतिदिन और शुक्रवार को होने वाली जुमे की नमाज होती रहेगी और जो लोग पहले से नमाज अदा करते रहे हैं, वही नमाज अदा करेंगे।

4. पहले के धार्मिक आयोजनों के अलावा दोनों पक्षों द्वारा कोई कार्यक्रम करने के लिए जिला प्रशासन अनुमति होगी।

5. पार्क के चारों तरफ 6 फीट की बाउंड्रीवाल व लाइटिंग कराने के साथ वृक्षारोपण का काम नगर निगम तीन महीने भीतर पूरा कराएगा।

6. शांति और सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी लगाए जाएंगे। सीसीटीवी लगाने से पहले सर्वे की जिम्मेदारी अपर नगर मजिस्ट्रेट (चतुर्थ) गोमती नगर को सौंपी गई है। 30 जुलाई तक ये काम होगा।

7. गोमती नगर पुलिस को निर्देश दिया गया है कि शाम के समय पार्क के आस-पास गश्त करेगी।

निजी मुचलके पर छूटे लोग

गोमती नगर पुलिस ने उपद्रव करने वाले 27 लोगों को नामजद कराते हुए करीब सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने करीब 11 लोगों को हिरासत में लिया था। इसमे भाजपा युवा हिंदू वाहिनी के महामंत्री भी शामिल थे। बाद में इन लोगों को थाने से ही निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। पुलिस ने बवाल करने वालों की पूरी लिस्ट तैयार की है।