- मेरठ कॉलेज ग्राउंड में खोली एकेडमी

- नौनिहालों को सीखाएंगे हॉकी के गुर

Meerut: सिटी में हांफ रही हॉकी का स्तर उठाने के लिए मेरठ कॉलेज ने अपना हाथ आगे बढ़ाया है। मेरठ कॉलेज ने अपने ग्राउंड पर बेहतरीन प्रयास करते हुए नौनिहालों को हॉकी के गुर सिखाने का बीड़ा उठाया है। ऐसे में अब एक बार फिर उम्मीद की जा रही है कि हॉकी के पुराने दिन वापिस लौट आएंगे। ऐसा इसीलिए भी कहा जा सकता है क्योंकि इस एकेडमी में पूर्व ओलंपियन प्रमोद बाटला प्रशिक्षण देंगे।

ये है पूरा खाका

मेरठ कॉलेज ने अपने भामाशाह पार्क ग्राउंड पर हॉकी एकेडमी खोली है। जिससे अब इस ग्राउंड पर क्रिकेट, एथलेटिक्स, फुटबाल के बाद हॉकी का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस एकेडमी को संचालित करने के लिए मैनेजमेंट ने पूर्व ओलंपियन प्रमोद बाटला को जिम्मेदारी सौंपी है। जो अब मेरठ में कुंद पड़ चुकी हॉकी में दोबारा से जान फूंकेंगे।

स्तर भी सुधरेगा

एसडी सदर और सीएवी कॉलेज में हॉकी स्टिक की थाप लगभग बंद होने के बाद सिर्फ कैलाश प्रकाश स्पो‌र्ट्स स्टेडियम और एनएएस डिग्री कॉलेज ग्राउंड पर ही हॉकी का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। जिससे हॉकी प्रशिक्षण सिटी में सीमित दायरे में सिमट सा गया था। लेकिन अब मेरठ में पूर्व भारतीय खिलाड़ी प्रमोद बाटला के प्रशिक्षण देने के बाद जरूर हॉकी का स्तर सुधरेगा और यहां से एक के बाद एक खिलाड़ी फिर टीम इंडिया में परचम लहराएंगे।

अगर ऐसा हो जाए तो

मेरठ कॉलेज कमेटी अगर इस विचार पर और मोहर लगा दे तो फिर हॉकी के लिए बहुत ही अच्छा प्रयास होगा। अगर कॉलेज अपने ग्राउंड पर एस्ट्रो टर्फ लगा देता है, तो ये अदभुत होगा, जिससे मेरठ में हॉकी प्रेमियों और खिलाडि़यों का बरसों पुराना सपना पूरा भी हो जाएगा। मेरठ कॉलेज का ग्राउंड एस्ट्रो टर्फ लगने के लिए बिल्कुल उपयुक्त भी है।

वर्जन

ये बहुत अच्छा प्रयास है, अगर यहां खिलाड़ी सीखते हैं, तो इससे अच्छा कुछ नहीं हो सकता है। मेरठ में और भी एकेडमी खुलने की जरूरत है।

विकास शर्मा, भारतीय हॉकी खिलाड़ी

ये तो मेरठ के लिए बहुत ही अच्छा है, कि एक अंतर्राष्ट्रीय दर्जे का खिलाड़ी नौनिहालों को प्रोत्साहित करेगा साथ ही उनमें दम भी भरेगा।

ज्ञानेन्द्र सिंह, साई हॉकी कोच

मेरठ में हॉकी का स्तर जिस तरह से गिर रहा था, उस लिहाज से तो ये बहुत ही अच्छा प्रयास है। अब यहां पर खिलाड़ी तैयार हो सकेंगे।

प्रमोद बाटला, प्रशिक्षक और पूर्व हॉकी खिलाड़ी