-मंगलवार को कोरोना के आठ नए मरीजों ने दी दस्तक

-दो मरीजों को स्वस्थ होने के बाद किया गया डिस्चार्ज

PRAYAGRAJ: जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या रुकने का नाम नही ले रही है। मंगलवार एक बार फिर सुबह और दोपहर को लैब से जारी रिपोर्ट में कुल आठ नए मरीज सामने आए। इसके बाद मरीजों की संख्या बढ़कर 100 हो गई। इनमें से पांच मुंबई और तीन नोयडा से आए बताए जा रहे हैं।

होम क्वारंटीन किया गया था

पॉजिटिव पाए गए केसेज में पहली शिफ्ट में आए मरीजों में एक 23 वर्षीय अमलवा काला गांव प्रतापपुर, 46 वर्षीय व्यक्ति सराय ममरेज, 42 साल का व्यक्ति भारतगंज शुकराना बाजार मांडा और एक मरीज मेजा का है। यह चारों हाल ही में मुंबई से लौटे थे। जबकि कौंधियारा के रहने वाले दो में से एक नोयडा और दूसरा मुंबई से लौटा बताया जा रहा है। देवनगर झूंसी का एक अन्य संक्रमित व्यक्ति भी नोयडा से प्रयागराज आया है। कौंधियारा के मरीजों को होम क्वारंटीन में रखा गया था। रिपोर्ट आने के बाद इनको कोटवा हॉस्पिटल भेजा जा रहा है।

दो को किया गया डिस्चार्ज

इस बीच कोटवा हॉस्पिटल से मंगलवार दो मरीजों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। इनमें से एक मरीज गोहरी और दूसरा अन्य है। वर्तमान में कोटवा में 11 मरीज भर्ती हैं। इंचार्ज डा। वीके मिश्रा कहना है कि जांच में पुष्ट हुए नए मरीजों के देर रात तक आने की संभावना है।

बनेंगे नए हाट स्पाट

अभी तक जिले में हॉट स्पाट की संख्या 30 बताई जा रही है। सात नए मरीज आने के बाद हाट स्पाट की संख्या में इजाफा होना तय माना जा रहा है। अधिकारी पता लगा रहे हैं कि इनमें से कौन सा संक्रमित पहले अपने घर गया था और कौन सीधे क्वारंटीन सेंटर चला गया था।

सभी मरीजों की हिस्ट्री तलाशी जा रही है। इनमें से जो अपने घर गया है उस एरिया को सील किया जा रहा है। अभी तक प्रयागराज में कोरोना मरीजों की संख्या 100 पहुंच चुकी है।

-डा। ऋषि सहाय, नोडल कोविड 19