नई दिल्ली (पीटीआई)। नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में आज पद्म पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दाैरान यहां राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा और भी गणमान्य लोग माैजूद रहे। बिहार के नेता हुकुमदेव नारायण यादव को (पद्म भूषण), मल्टीनेशनल टेक्नो जायंट सिस्को सिस्टम के पूर्व सीईओ जॉन चेम्बर्स (पद्म भूषण) और फेमस डांसर और फिल्म निर्माता प्रभु देवा (पद्म श्री) को भी सम्मानित किया गया।

नायर का पुरस्कार उनकी पत्नी ने प्राप्त किया

इस दाैरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मलयालम अभिनेता मोहनलाल, अकाली दल के नेता सुखदेव सिंह ढींढसा और जाने-माने पत्रकार कुलदीप नायर (मरणोपरांत) को पद्म भूषण से सम्मानित किया। नायर का पुरस्कार उनकी पत्नी ने राष्ट्रपति के हाथों से प्राप्त किया। वहीं पूर्व विदेश सचिव एस जयशंकर को पद्म श्री से सम्मानित किया गया था।

पद्म सम्मान पाने वालों में ये नाम भी हैं शामिल

पद्म सम्मान पाने वालों में प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन नारायण (पद्म श्री), लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष करिया मुंडा (पद्म भूषण), चिकित्सक संदीप गुलेरिया और इलियास अली (दोनों पद्म श्री) और पहलवान बजरंग पुनिया (पद्म श्री) का नाम शामिल है। पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से एक हैं। पद्म पुरस्कार में तीन कैटेगरी पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री सम्मान दिया जाता है।

अन्य समारोह में सम्मान दिए जाने की संभावना

गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष के पद्म पुरस्कारों के लिए 112 "प्रेरक" हस्तियों को चुना गया था और इस साल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर उनके नामों की घोषणा की गई थी। देश के सभी वर्गों और समाज की सेवा में जुटे लोगों के बीच से चयन किया गया है। ऐसे में शेष पुरस्कार विजेताओं को 16 मार्च को आयोजित होने वाले एक अन्य समारोह में सम्मान दिए जाने की संभावना है।

पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन नामांकन हुए थे

पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन प्रक्रिया 2016 में ऑनलाइन हुई थी। इसमें बड़े पैमाने पर नागरिकों को भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए एक सरल, सुलभ और सुरक्षित मंच बनाया गया था। 2019 के पुरस्कारों के लिए 50,000 नामांकन प्राप्त हुए। यह एक बड़ा रिकाॅर्ड है। 2014 की तुलना में 20 गुना अधिक है। 2014 में सिर्फ 2,200 नामांकन थे।

पद्म अवाॅर्ड 2019 : कादर खान को मिला पद्मश्री, ये नामी फिल्मी सितारे भी हुए सम्मानित

इस साल पद्म पुरस्कारों की लिस्ट में शामिल लोगों के बारे में यहां जानें....

National News inextlive from India News Desk