- इस रविवार को ताज भ्रमण का कार्यक्रम संभव

- आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा ताज, शुरू हुई तैयारियां

आगरा। फ्रांस के राष्ट्रपति एम्यूनल मैक्रोन ताज के दीदार के लिए आ सकते हैं। प्रोटोकॉल के अनुसार इस रविवार वे ताज देखने के लिए आ सकते हैं। ऐसे में आम पर्यटकों के लिए ताज में एंट्री बंद रहेगी। फ्रंसिसी राष्ट्रपति के आने का अभी तय कार्यक्रम नहीं आया है लेकिन इसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

साफ किए मधुमक्खी के छत्ते

फ्रांसिसी राष्ट्रपति के आने से पहले एएसआई द्वारा ताज में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके तहत शुक्रवार को ताज में अलग-अलग जगहों पर लगे मधुमक्खी के छत्ते हटाए गए। ताज के रॉयल गेट, मेहमान खाना, मस्जिद समेत कुछ जगहों से छत्ते हटाने की कार्रवाई की गई। शुक्रवार को पर्यटकों के लिए ताज बंद रहता है। पर्यटकों को कोई समस्या न हो, इसीलिए छत्ते हटाने के लिए शुक्रवार का दिन चुना गया।

आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगी एंट्री

यदि रविवार को राष्ट्रपति का कार्यक्रम कन्फर्म होता है तो पर्यटकों के लिए वीकेंड के दिन ताज में एंट्री बंद रहेगी। राष्ट्रपति के भ्रमण से पहले ही ताज में पर्यटकों की एंट्री बंद कर दी जाएगी। उनके भ्रमण का कितना समय रहेगा, इसका कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है। वीकेंड के दिन आम पर्यटकों की एंट्री बंद होने से अव्यवस्थाएं हो सकती है। इसके लिए सीआईएसएफ और पर्यटन पुलिस को भी माकूल व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं।