-इलाहाबाद के नैनी का रहने वाला था कैदी

-दो कांस्टेबल की अभिरक्षा में हैलट में रखा गया था, दोनों कांस्टेबल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

KANPUR :

हैलट से सोमवार को एक कैदी पुलिस को गच्चा देकर फरार हो गया। सिपाहियों ने उसको आसपास ढूंढ़ा, लेकिन उसका पता नहीं चला। सूचना पर स्वरूपनगर पुलिस ने सिपाहियों को हिरासत में लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली।

बांदा से किया गया था रेफर

इलाहाबाद के नैनी में रहने वाले जिलेदार के बेटे शकील उर्फ राजू (32) को मादक पदार्थ की तस्करी में सजा सुनाई जा चुकी है। वो बांदा जेल में था। उसको बीमार होने पर बांदा के जिला हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। जहां से उसको हैलट रेफर किया गया। यहां पर कांस्टेबल रमाशंकर तिवारी और देवेंद्र कुमार को उसकी अभिरक्षा में लगाया गया था।

हथकड़ी से बेड पर बांधा था हाथ

कांस्टेबल ने हथकड़ी के जरिए उसका हाथ बेड से बांध दिया था। सोमवार की सुबह एक मरीज की हालत बिगड़ने पर तीमारदार रोने लगे। शोर शराबे को सुनकर कांस्टेबल भी मौके पर पहुंच गए। वे तमाशबीन बने खड़े थे कि तभी उनकी नजर शकील के बेड पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि शकील वहां पर नहीं है। कांस्टेबल ने हैलट कैम्पस समेत आसपास के एरिया में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। हालांकि हैलट कर्मी रोशन दान के जरिए कैदी के भागने का दावा कर रहे हैं।