नई दिल्ली (आईएएनएस)। प्रियंका चोपड़ा की चचेरी बहन मीरा चोपड़ा के पिता को दिल्ली पुलिस कॉलोनी में चाकू के बल पर लूट लिया गया। मीरा ने ट्विटर पर इस इंसीडेंट की जानकारी दी।

शाम की सैर के वक्त हुआ हादसा

"धारा 375" में काम कर चुकी इस एक्ट्रेस ने शेयर किया कि उनके पिता शाम की सैर पर निकले थे जिस दौरान यह घटना हुई। मीरा ने लिखा कि "मेरे पिताजी पुलिस कॉलोनी में शाम के समय वॉक कर रहे थे। 2 लोग एक स्कूटर पर आए, चाकू दिखाया और उनका फोन छीन लिया।" उन्होंने दिल्ली में सुरक्षा पर भी सवाल उठाया। इसके बाद मामले पर कार्यवाही शुरू हो गई है।

पुलिस के साथ सीएम से भी सवाल

मीरा ने अपने ट्वीट में दिल्ली पुलिस के साथ साथ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी टैग करके सवाल उठाया है। इसके बाद डीसीपी नॉर्थ दिल्ली ने ट्वीट करके उनसे जानकारी मांगी की ये घटना कहां की है , और उनके पिता से संपर्क के लिए फोन नंबर भी पूछा। ये भी बताया की जानकारी के लिए वो किससे संपर्क करें। मीरा ने डीसीपी नॉर्थ दिल्ली को धन्यवाद देते हुए अपने रिप्लाई में कहा कि, "ऐसी त्वरित कार्रवाई के लिए, हमें गर्व महसूस होता है जब हम अपने पुलिस विभाग से सुरक्षित महसूस करते हैं, क्या छीन लिया गया ये जरूरी नहीं है, लेकिन हमारे बुजुर्गों की रक्षा करना सबसे महत्वपूर्ण है! सम्मान! दिल्ली पुलिस।"

प्रियंका को हाई लाइट करने पर नाराजगी

इसके बाद इस मामले में प्रियंका के अंकल और प्रियंका की कजिन कह कर खबरे लिखे जाने पर मीरा ने अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में सवाल किया कि इस घटना का उनकी अमेरिका में रह रही कजिन से क्या कनेक्शन है। मीरा ने 2014 में फिल्म "गैंग ऑफ़ घोस्ट्स" से बॉलीवुड डेब्यू किया था। इसके बाद में उन्हें "1920 लंदन" और "धारा 375" जैसी फिल्मों में भी देखा गया।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk