नई दिल्ली (एएनआई)। कांग्रेस महासचिव और पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा 2022 के विधानसभा चुनावों पर नजर रखने के साथ 'मिशन यूपी' की शुरुआत करने के लिए तैयार हैं। प्रियंका गांधी ने नियमित आधार पर फरवरी से लखनऊ में डेरा डालने का फैसला किया है और वह अपना अधिकांश समय वहीं बिताएंगी। प्रियंका गांधी के करीबी सूत्रों के अनुसार, उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं को न्याय पंचायत स्तर पर पार्टी को मजबूत करने, उसी के लिए समितियां बनाने और बैठकें आयोजित करने को कहा है। इसके साथ ही, राज्य पदाधिकारियों को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

प्रियंका गांधी बैठकों का औचक निरीक्षण करेंगी

कांग्रेस नेता ने प्रियंका गांधी वाड्रा ने जिला अध्यक्षों की एक वर्चुअल मीटिंग की और उन्हें काम शुरू करने के लिए कहा है। इस दाैरान उन्होंने यह भी कहा कि वह इन बैठकों का औचक निरीक्षण करेंगी। सूत्रों ने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा जनवरी के अंतिम सप्ताह में न्याय पंचायत स्तर पर बैठकों का दौरा करने की संभावना है। वहीं पार्टी के इस पूरे प्रोग्राम से वाकिफ एक अन्य नेता ने एएनआई को बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए लगभग एक साल का समय बचा है, राज्य में सभी स्तरों पर गतिविधियों में तेजी आई है।

पार्टी ब्राह्मण मतदाताओं पर रख रही है पैनी नजर

एक आउटरीच और संचार समिति की स्थापना की गई है और समाज के महत्वपूर्ण खिलाड़ियों तक पहुंचने का काम सौंपा गया है। कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी समिति की कमान संभाल रहे हैं। वहीं अन्य समिति सदस्यों में राज्य के वरिष्ठ नेता शामिल हैं। सभी सदस्यों को अपने-अपने समुदायों और जातियों के सदस्यों और नेताओं तक पहुंचने के लिए कहा गया है। पार्टी ने जिला स्तर पर गौ रक्षा यात्रा शुरू की है और विशेष रूप से पूर्वी यूपी के क्षेत्रों में 100 से अधिक सीटों पर प्रभाव रखने वाले ब्राह्मण मतदाताओं पर नजर रख रही है।

National News inextlive from India News Desk