नई दिल्ली (एएनआई)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को एक बार फिर उत्तर प्रदेश में बढ़ते महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर लगाम लगाने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के मुद्दे पर आवाज उठाई। उन्होंने आज प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से एक 18 वर्षीय लड़की के दुष्कर्म और हत्या का संज्ञान लेने का आग्रह किया, जो लखीमपुर खीरी में अपने गांव में मृत पाई गई थी। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि महामहिम राज्यपाल महोदया, उत्तर प्रदेश। यूपी में महिला सुरक्षा के हालात बहुत खराब हो चुके हैं। लखीमपुर की एक लड़की ऑनलाइन फॉर्म भरने जा रही थी। उसके साथ दुष्कर्म कर नृशंस तरीके से हत्या हो गई। यूपी में ऐसा अब रोज हो रहा है। आशा है आप इसकी गंभीरता समझेंगी और संज्ञान में लेंगी।

मामले की जांच के लिए तीन टीमें बनाई गई

पीड़ता के परिजनों को बहुत जल्द न्याय मिलेगा। बता दें कि लखीमपुर में यह घटना सोमवार को हुई जब लड़की एक ऑनलाइन छात्रवृत्ति आवेदन पत्र भरने के लिए पड़ोसी शहर गई थी। उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके सािा दुष्कर्म की पुष्टि हुई है और उत्तर प्रदेश पुलिस ने मामले की जांच के लिए तीन टीमों का गठन किया है। वहीं इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र कुमार ने कहा, ऑटोप्सी रिपोर्ट ने दुष्कर्म की पुष्टि की है। मामले की जांच के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। वहीं इसके पहले बीते सप्ताह भी प्रियंका ने उत्तर प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर फेसबुक पोस्ट किया था।

अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं

इस पोस्ट में प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा था कि बुलंदशहर, हापुड़, लखीमपुर - खीरी, और अब गोरखपुर। लगातार इस तरह की घटनाओं से ये साबित होता है कि महिलाओं को सुरक्षा देने में उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल रही है। अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं है। उसी का परिणाम है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध की वीभत्स से वीभत्स घटनाएं घटती ही जा रही हैं। पुलिस और प्रशासन न तो सुरक्षा दे पा रहे हैं और न ही उचित कार्रवाई कर पा रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था की समीक्षा करे और महिलाओं की सुरक्षा सम्बंधित हर कदम गंभीरता से उठाए।

National News inextlive from India News Desk