- पार्टी के स्थापना दिवस समारोह में आज होंगी शामिल

LUCKNOW : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा अपने दो दिवसीय प्रवास पर शुक्रवार शाम लखनऊ पहुंचीं। प्रियंका शनिवार को पार्टी के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगी। साथ ही वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ भावी रणनीति पर विचार-विमर्श करेंगी।

नेताओं ने किया स्वागत

प्रियंका शाम करीब सवा सात बजे दिल्ली से लखनऊ पहुंचीं। उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जितिन प्रसाद भी लखनऊ आए। एयरपोर्ट पर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रमोद तिवारी, शहर अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान सहित कई नेताओं ने उनका स्वागत किया। प्रियंका एयरपोर्ट से सीधे गोखले मार्ग स्थित अपनी रिश्तेदार व पूर्व केंद्रीय मंत्री शीला कौल के आवास पहुंच गई। यहीं पर उनका रात्रि प्रवास का कार्यक्रम है।

पुलिस कार्रवाई पर घेरने की रणनीति

वह शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर सुबह 10 बजे कांग्रेस स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। इसके बाद दोपहर साढ़े बारह बजे कांग्रेस की सलाहकार और स्ट्रेटजी कमेटी के साथ बैठक करेंगी। सूत्रों के अनुसार प्रियंका फिलहाल नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हुए प्रदर्शनों के दौरान पुलिसिया कार्रवाई के मसले पर योगी सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही हैं। बैठक इसी रणनीति पर केंद्रित रहने के आसार हैं। शाम चार से सात बजे तक वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के साथ बैठक करेंगी। इस दौरान संगठन को मजबूत करने के लिए किए जा रहे कार्यो की समीक्षा भी की जाएगी।

बच्चों के मसले पर भी सरकार को घेरा

प्रियंका वाड्रा ने शुक्रवार को लखनऊ पहुंचते ही बच्चों के मसले पर भी योगी सरकार को घेरना शुरू कर दिया। उन्होंने ट्वीट किया कि 'भाजपा शासित उत्तर प्रदेश में मिड डे मील में बेकार खाना दिया जाता है। बच्चे ठंड में ठिठुर रहे हैं लेकिन स्वेटर नहीं मिले। कुपोषण के चलते बच्चों की जान जा रही है। भाजपा शासन में दिखावटी विकास की बातें खूब होती हैं, लेकिन कुपोषण की वजह से बच्चों की जान जा रही है। कैसा शासन है ये ?'