- ऐसे में फंस सकता है यूपी की बहू सीमा पुनिया का कैश प्राइज

- राष्ट्रमंडल खेलों में पुरस्कार लाने वाले खिलाडि़यों को पुरस्कृत किए जाने की चल रही है तैयारियां

- पांच खिलाडि़यों को पुरस्कृत किए जाने के नाम पर लगी मुहर

सीमा के पुरस्कार पर संशय
खेल जगत से जुड़े लोगों ने बताया कि मेडल लाने के बाद धन के लालच में खिलाड़ी विभिन्न प्रदेशों से अपना रिश्ता जोड़ कर और खुद का वहां का खिलाड़ी बताते हैं और मेडल लेने की कोशिश में जुट जाते हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार ने इस बार स्पष्ट कर दिया है कि ऐसे खिलाडि़यों को कैश प्राइज नहीं दिया जाएगा जो किसी अन्य स्टेट से भी मेडल लाने के लिए धनराशि लेते हैं। ऐसे में पिछले चार कॉमनवेल्थ में लगातार मेडल लाने वाली यूपी की बहू सीमा पुनिया फंसती नजर आ रही हैं। सीमा अंटिल का जन्म हरियाणा सोनीपत में हुआ है।

कई बार जीते मेडल
डिस्कस थ्रोअर सीमा पुनिया ने मेलबर्न में 2006 और 2010 में दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीता। इसके बाद 2014 में ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीता। इसके लिए उन्हें यूपी सरकार ने सम्मानित किया। इस बार आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने रजत जीता। खेल की दुनिया से जुड़े लोगों ने बताया कि सीमा की शादी मेरठ में रहने वाले अंकुश पुनिया से हुई और वह यूपी की बहू हो गई।

फायदे के लिए खेल
कई खिलाडि़यों ने बताया कि अधिकतर प्रदेशों की सरकार चाहती हैं कि अच्छा खिलाड़ी उनके प्रदेश का हो। इसके लिए वह खिलाडि़यों से फार्म भी भरवाती हैं जिनमें खिलाड़ी खुद को उनके स्टेट का बता देता है। लेकिन कई बार खिलाड़ी कई जगहों से पुरस्कार ले लेते हैं। एक स्टेट का खिलाड़ी भला दूसरे स्टेट का कैसे हो सकता है। फिर दूसरे स्टेट के एक खिलाड़ी का जब पुरस्कार देंगे तो अन्य खिलाड़ी पुरस्कार के लिए उस स्टेट के बन जाएंगे। इन्हीं कारणों से इस बार सीमा पुनिया को पुरस्कृत किए जाने को लेकर संशय हो गया है। हालांकि इस पर अंतिम डिसीजन सोमवार को किया जाएगा।

हम क्यों पुरस्कृत करेंगे
एक खिलाड़ी दो जगह से खुद को कैसे सिद्ध कर सकता है। जो खिलाड़ी किसी अन्य स्टेट का होगा, उसे हम क्यों पुरस्कृत करेंगे। खिलाडि़यों के नाम पर अंतिम मुहर सोमवार को लगनी है। उसी समय सीमा पुनिया के नाम पर भी फैसला लिया जाएगा।

चेतन चौहान खेल मंत्री

कॉमनवेल्थ में मेडल लाने वाले खिलाडि़यों को मिलने वाली धनराशि

गोल्ड - 50 लाख

सिल्वर - 30 लाख

ब्रांज- 15 लाख

राष्ट्रमंडल खेलों में पदक पाने वाले खिलाड़ी

शहर प्लेयर इवेंट पदक

लखनऊ जीतू राई शूटिंग गोल्ड

वाराणसी पूनम यादव वेटलिफ्टिंग गोल्ड

बुलंदशहर सतीश कुमार बॉक्सिंग सिल्वर

मवाना रवि कुमार शूटिंग ब्रांज

मुज्जफरनगर दिव्या काकरान कुश्ती ब्रांज