स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से बनारस लोकसभा क्षेत्र में 20 जनवरी को युवा उद्घोष कार्यक्रम किया गया है। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के खेल मैदान में आयोजन होगा। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे। यह जानकारी गुरुवार को मीडिया को क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य ने दी। बताया कि कार्यक्रम में आने वाले सभी युवा अपने-अपने बूथ पर भविष्य के भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर सकें और मिशन 2019 का मार्ग आसान हो सके, इस उद्देश्य से इस कार्यक्रम की योजना बनाई गई है। कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 12 से तीन बजे के बीच होगा। बनारस लोकसभा की सभी पांच विधानसभा कैंट, शहर उत्तरी, शहर दक्षिणी, रोहनिया व सेवापुरी के सभी 17 मंडलों के 169 सेक्टर के सभी 1736 बूथों से 10 युवा कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल होंगे। युवा उद्घोष कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रत्येक सहभागी को फोटोयुक्त प्रवेशिका दी गई है। गुरुवार को राज्यमंत्री अनिल राजभर समेत अन्य बड़े पदाधिकारियों ने मौके का मुआयना किया।