- महिला के गले से तोड़ी चेन, पब्लिक ने दबोचा

- 200 स्नैचिंग और 26 बार जेल जा चुका है शातिर

आगरा। दीवानी में तारीख से लौट रहे चेन स्नैचर ने वारदात को अंजाम दे दिया। थाना हरीपर्वत क्षेत्र में महिला के गले से चेन तोड़ ली।

हड़बड़ाहट में शातिरों की बाइक फिसल गई। पब्लिक ने चेन स्नैचर को दबोच पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसका साथी भाग निकला। पुलिस ने उसके पास से चेन बरामद की। पकड़ा गया बदमाश पूर्व में भी कई स्नैचिंग कर चुका है। जेल भी जा चुका है।

मंदिर दर्शन करने आए थे दम्पत्ति

नुनिहाई निवासी राजीव अग्रवाल का क्षेत्र में ही साइकिल कारोबार है। राजीव पत्नी राधा अग्रवाल के साथ दोपहर में न्यू आगरा स्थित इंद्रपुरी में देवी मंदिर में दर्शन करने आए थे। लौटते समय नेहरू नगर, राधा कृष्ण मंदिर के पास नीली पल्सर सवार दो बदमाशों ने निशाना बना लिया। एक बदमाश ने महिला के गले से चेन तोड़ ली।

पब्लिक ने दौड़ा कर पकड़ा

राधा अग्रवाल ने शोर मचा दिया। मौके पर भीड़ जमा हो गई। बदमाश हड़बड़ा गए। उनकी बाइक सड़क पर स्लिप हो गई। सड़क पर गिरते ही लोगों ने बदमाशों की तरफ दौड़ लगा दी। एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी भाग निकला। बदमाश को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने उससे चेन बरामद की।

बड़ा है आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए बदमाश का नाम चांद उर्फ पिल्लू निवासी मथुरा व फरार साथी का नाम रहीस उर्फ गुलाम है.है। इंस्पेक्टर राजा सिंह मुताबिक दोनों बदमाश पिछले पांच साल से चेन लूटने की वारदात कर रहे थे। इन लोगों ने अब तक 200 चेन लूटी हैं। 26 बार यह जेल काट चुके हैं। वह एक महीने पहले ही जेल से छूट कर आया है। आते ही फिर से उसने कहर ढाना शुरू कर दिया। शुक्रवार को वह दीवानी तारीख पर आया था। लौटने के दौरान उसने वारदात को अंजाम दे दिया। शातिरों के खिलाफ मथुरा, लोहामंडी, हरीपर्वत में मुकदमे दर्ज हैं। हरीपर्वत से शातिर पूर्व में जेल भेजे जा चुके हैं। शातिर लूटा गया माल फव्वारा व मथुरा में बेचते हैं।