- गोला एरिया में गोली मारकर हुई थी युवक की हत्या

- पुलिस पर अभियुक्तों का फेवर करने का आरोप

GORAKHPUR: गोला एरिया के ककरही निवासी संतोष के मर्डर में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा है। शुक्रवार सुबह युवक की डेडबॉडी सड़क पर रखकर पब्लिक ने जाम लगा दिया। मुख्य आरोपी अनूप शुक्ला की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करते रहे। लोगों ने पीडि़त परिवार को मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग उठाई। फरार अभियुक्तों को जल्द से जल्द अरेस्ट करने के आश्वासन पर पुलिस ने किसी तरह से जाम खत्म कराया। इंस्पेक्टर ने बताया कि दो अभियुक्त पकड़े जा चुके हैं। अन्य को भी जल्द ही अरेस्ट कर लिया जाएगा।

गोली मार शव फेंक गए थे बदमाश

गुरुवार सुबह करीब छह बजे रानीपुर, पुलिया के पास ककरही निवासी संतोष की डेडबॉडी मिली थी। गोली मारकर उसकी हत्या की गई थी। संतोष के पिता रामसुमेर ने पुलिस को बताया कि बुधवार की शाम अनूप शुक्ल, संतोष उर्फ बच्चू, दिलीप उर्फ भोलू और गोविंद संग बाइक से संतोष घर से निकला था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अनूप की बहन से संतोष की जान पहचान थी। 10 माह पूर्व भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। रामसुमेर की तहरीर पर पुलिस ने चारों के खिलाफ केस दर्ज करके गोविंद और गोलू को अरेस्ट कर लिया। मुख्य आरोपी सहित दो की तलाश चल रही है।

आधे घंटे तक लगा जाम

शुक्रवार सुबह संतोष के मुख्य हत्यारोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन सड़क पर उतर गए। गोला रोड पर लोगों ने डेडबॉडी रखकर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी को पुलिस बचाने में जुटी है। लोगों के प्रदर्शन करने पर इंस्पेक्टर नासिर हुसैन पुलिस बल के साथ पहुंच गए। लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। भरोसा दिलाया कि जब दो अभियुक्तों को पकड़ लिया गया है तो अन्य दोनों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि पीडि़त परिवार के साथ कोई नाइंसाफी नहीं होगी।

वर्जन

घटना में शामिल दो अन्य अभियुक्तों की तलाश चल रही है। परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। अभियुक्तों के पक्ष में किसी तरह की सहानुभूति की बात गलत है।

- नासिर हुसैन, इंस्पेक्टर, गोला